कीडगंज बांगड़ धर्मशाला के पास हुआ हादसा, एसआरएन में साथी की हालत गंभीर

ALLAHABAD: कीडगंज थाना क्षेत्र के बांगड़ धर्मशाला के निकट शुक्रवार सुबह एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षिका की मौत हो गई। बाइक पर सवार साथी शिक्षक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसा तब हुआ जब दोनों हंडिया स्थित एक स्कूल में पढ़ाने जा रहे थे।

छिटककर दूर जा गिरे

नैनी के धनुहा कमला नगर निवासी बालक राम प्राइवेट वाहन चलाते हैं। उनके दो बेटे व दो बेटी में प्रीति तीसरे नंबर की थी। करीब छह माह पहले उसने हंडिया स्थित एक निजी कॉलेज में बतौर शिक्षिका नौकरी शुरू की थी। वहीं पर नैनी का अवनेश पुत्र राम बली यादव भी पढ़ाता था। रोज की तरफ दोनों शनिवार सुबह बाइक से हंडिया जाने के लिए निकले। नए यमुना पुल से उतरने के बाद जीटी जवाहर फ्लाई ओवर पर चढ़ते इससे पहले ही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों छिटककर दूर जा गिरे।

अस्पताल ले गई पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर घर पहुंची तो पिता, मां अनीता व परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर कीडगंज राजकुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात ट्रक से हादसा हुआ है। जांच की जा रही है।