-योगेंद्र बिहार निवासी थी मृतका, पति मशीन आपरेटर है

-गले में रस्सी और आंख में चोट का निशान, हत्या की आशंका

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : नौबस्ता में सोमवार को टीचर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव रूम में पड़ा मिला। उसकी आंख में चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने से पति ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर जाकर पड़ताल की। एसओ का कहना है कि पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। इधर, पुलिस ने जांच के लिए टीचर के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है।

पति को घर का गेट बंद मिला

धोबिन पुलिया के पास रहने वाले दिलीप का बेटा दीपक मशीन ऑपरेटर है। उसने योगेंद्र विहार निवासी नेहा गुप्ता (26) से लव मैरिज की थी, उनके एक बेटी गौरांगी है। दीपक को ससुर ने योगेंद्र विहार में मकान दिया था। नेहा योगेंद्र विहार स्थित स्कूल में टीचर थी। इसलिए वो उसकी सुविधा के लिए शादी के बाद उस मकान में शिफ्ट हो गया था। वो परिजनों का हालचाल लेने के लिए घर जाता रहता था। दीपक सुबह काम पर निकल गया था। वो दोपहर में घर पहुंचा तो गेट पर ताला लगा था। उसने समझा कि नेहा स्कूल से नहीं आई है। इसलिए वो वापस चला गया। शाम को वो दोबारा घर पहुंचा तो गेट में ताला लगा था। वो ताला खोलकर अन्दर गया तो कमरे में नेहा की लाश पड़ी थी। जिसे देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की। उनकी बेटी गौरांगी सोमवार को भी दादी के घर पर थी, जिसके चलते नेहा घर पर अकेले थी।