- लखनऊ में हुई वार्ता, मिला आश्वासन

फीरोजाबाद : कई दिनों से चल रहा वित्तविहीन शिक्षकों का धरना प्रदर्शन एवं बहिष्कार मंगलवार को खत्म हो गया। मानदेय एवं अन्य मांगों को लेकर बहिष्कार कर रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ के प्रदेश पदाधिकारियों की लखनऊ में वार्ता हुई। वार्ता में स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए इसी माह में बजट जारी करने का आश्वान मिला। इसके बाद वित्तविहीन शिक्षक संघ ने बहिष्कार को खत्म करने का ऐलान कर दिया।

फीरोजाबाद में भी वित्तविहीन शिक्षक सुबह से ही लखनऊ में होने वाली वार्ता पर नजर रखे हुए थे। लखनऊ से जानकारी मिलते ही शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया। जिला संरक्षक रवींद्र नाथ गर्ग ने आंदोलन में शामिल शिक्षकों को बधाई दी। जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महामंत्री प्रदीप धाकरे ने वित्तविहीन शिक्षकों से मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंच कर कार्य प्रारंभ करने का आह्वान किया। इधर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा ने कहा है मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की शिक्षामंत्री से सकारात्मक वार्ता के बाद मूल्यांकन बहिष्कार वापस ले लिया है। हर्ष व्यक्त करने वालों में गौरीशंकर शर्मा, नेम सिंह सिसौदिया, संतोष कुमार, अश्वनी कुमार, देशराज सिंह, राजकुमार सिंह, नरायन सिंह, सत्यप्रकाश, सुनीता जैन, मुकेश चंद्र आदि प्रमुख हैं।