-युवती को बंधक बनाकर पीटा, प्राइवेट पा‌र्ट्स को दागा

- शरीर के जख्म चीख-चीखकर बता रहे थे हैवानियत का दास्तां

-नशीली गोलियां खिलाकर गैंगरेप का लगाया आरोप

GORAKHPUR: आर्केस्ट्रा में नाचने से मना करने पर युवती को बंधक बनाकर ऐसी दरिंदगी दिखाई कि शैतान भी कांप उठे। दीवारों पर प्लास्टर लगाने वाली कन्नी और हंसिया गर्म करके युवती के प्राइवेट पा‌र्ट्स को जला दिया। शुक्रवार की देर शाम दरिंदों के चंगुल से छूटकर भागी युवती ने मां को पूरी कहानी बताई। बेटी के साथ हुई ज्यादती जानकार मां अचेत हो गई। पास-पड़ोस के लोगों की मदद से बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां युवती के जख्म देख लोग कांप जा रहे थे। युवती ने नशीली दवा खिलाकर गैंग रेप का भी आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने लिखापढ़ी में गैंग रेप का केस नहीं दर्ज किया है। पीडि़ता की मां की सूचना पर कैंट पुलिस जांच पड़ताल में लगी है।

मुंडन के बहाने युवती को बुलाया

कैंट एरिया के रेलवे कॉलोनी में एक विधवा अपनी 20 साल की बेटी के साथ रहती है। अधिकारियों के घरों में झाड़ू-पोछा करके वह परिवार चला रही है। करीब एक साल पहले विधवा की जान-पहचान कुशीनगर की रानी उर्फ प्रिया नाम की महिला से हुई। सब्जी खरीदने के दौरान दोनों में कई बार मुलाकात हुई। बातचीत बढ़ने पर महिला का रानी पर भरोसा बढ़ गया। करीब आठ दिन पहले रानी ने महिला से मुलाकात की और अपने घर मुंडन आयोजित होने पर मां-बेटी को बुलाया। साहबों के घर काम-काज का हवाला देकर महिला ने अपनी बेटी को रानी के साथ भेज दिया। तीन दिन बाद बेटी का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। तभी से मां परेशान चल रही थी।

जगह-जगह जला बदन

युवती ने बताया कि साथ ले जाने वाली रानी ने तीन दिनों तक खूब खातिरदारी की। लेकिन घर पर मुंडन का कोई कार्यक्रम नहीं था। इससे युवती को शक हुआ। युवती ने घर जाने की जिद की तो महिला ने कुछ दिन बाद पहुंचाने को कहा। इस बीच एक बाद ही उससे आर्केस्ट्रा में नाचने को कहा जाने लगा। युवती ने मना किया तो उसको कमरे में बंद करके पीटा गया। हाथ-पांव बांधकर कन्नी और हंसिया गर्म करके शरीर पर कई जगह दाग गया। कमर के नीचे इस कदर जलाया कि वह ठीक से बैठ नहीं पा रही है। इस बीच मौका देख किसी तरह वह वहां से निकल भागी। उसकी हालत देख बेटी के साथ हुई ज्यादती की सूचना मां ने पास-पड़ोस के लोगों को दी। शुक्रवार की देर रात लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। बिना पुलिस कार्रवाई के डॉक्टरों ने उपचार करने से मना कर दिया। युवती के साथ पहुंचे लोगों ने कैंट पुलिस को सूचना दी। पहले तो हीला-हवाली हुई, लेकिन बाद में पुलिस हरकत में आई। पुलिस के हस्तक्षेप पर युवती को भर्ती करके डॉक्टरों ने उपचार शुरू कर दिया।

क्रूरता देखकर कांप उठा स्टाफ

युवती ने पुलिस को बताया कि जिस कमरे में उसे रखा गया वहां पहले से तीन युवतियां थी। वह तीनों आर्केस्ट्रा में नाचती हैं। वहां जाने के तीन दिन बाद उससे अजय नाम का कोई व्यक्ति मिला। उसने कहा कि नाचने के लिए ही तुमको लाया गया है। एक अन्य युवक राजा के साथ मिलकर अजय ने जोर जबरदस्ती शुरू कर दी। लड़कियों की मदद से हाथ-पांव बांधकर पिटाई कराई। मोबाइल छीनकर सिम तोड़कर फेंक दिया। युवती ने आरोप लगाया कि उसे नशे की गोलियां खिलाकर युवकों ने रेप किया। उसने शिकायत करने की धमकी दी तो गर्म कन्नी और हंसिया से जलाया। चार दिनों तक यातना झेलती रही युवती शुक्रवार को किसी तरह से भाग निकली। युवती के बदन पर जख्मों के निशान देखकर अस्पताल के कर्मचारी कांप उठे। उसकी देखभाल में लगी नर्सेज भी ज्यादती की बात कह रही हैं।

---------------

यहां से अंदर ले जाएं

रंगीन आर्केस्ट्रा की अंधेरी दुनिया

-युवती ने बताया, अवैध आर्केस्ट्रा में कराई जा रही जिस्मफरोशी

GORAKHPUR:

दरिंदों के चंगुल से आजाद हुई युवती ने रंगीन आर्केस्ट्रा के अंधेरी दुनिया की जो सच्चाई बताई है वह हैरान करने वाली है। युवती ने पुलिस को बताया कि जहां से वह भागी है वहां अवैध तरीके से आर्केस्ट्रा चलाया जा रहा है। इस आर्केस्ट्रा में उसकी जैसी लड़कियों को मजबूर करके नचाया जाता है। स्टेज शो के साथ-साथ कई लड़कियों से देह व्यापार भी कराया जाता है।

कौन है वह महिला

युवती ने बताया कि उसे ले जाने वाली महिला आर्केस्ट्रा चलाती है। उसके आर्केस्ट्रा में काम करने वाली लड़कियों से जिस्मफरोशी कराई जाती है। युवती ने आरोप लगाया कि मामला न खुलने पाए। इस वजह से उस पर दबाव बनाया जा रहा था। आर्केस्ट्रा संचालित करने वाली महिला से जुड़ी एक युवती को हाल ही में पुलिस ने जेल भेजा था। रानी किस गांव की रहने वाली है। यह पीडि़ता नहीं बता पा रही। लेकिन रानी, अजय और अजय केचचेरे भाई राजा ने शहर में कई जगहों पर आर्केस्ट्रा वाली लड़कियों को अपने कब्जे में रखा है। नचाने के साथ-साथ उनसे धंधा भी कराया जाता है।

बॉक्स

पहले भी पकड़े गए मामले

अवैध ढंग से संचालित होने वाले आर्केस्ट्रा में लड़कियों को नचाने के साथ-साथ संचालक जिस्मफरोशी भी कराते है। शिकायत न होने से कई मामले दबे रह जाते हैं। बिहार, कोलकाता सहित दूर दराज से लाई गई लड़कियां इस मामले में आवाज भी नहीं उठा पाती है। वर्ष 2010 में पिपराइच में आर्केस्ट्रा में डांस करने आई युवती से जबरन देह व्यापार के धंधे में ढकेल दिया गया था। युवती के साथ पहले आर्केस्ट्रा संचालक ने रेप किया। फिर उसे कई लोगों के सामने परोस दिया। 13 जुलाई को रेलवे स्टेशन पर दो किशोरियों संग एक व्यक्ति पकड़ा गया। शुरूआती जांच में सामने आया कि वह दोनों को देवरिया ले जा रहा था। वहां एक व्यक्ति से सौदा तय किया गया था। लेकिन किशोरियों के बयान बदलने से पुलिस सिर्फ मानव तस्करी का मामला दर्ज कर सकी।