PATNA: लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप सोमवार को एक बार फिर अपने अंदाज में दिखे। राजद कार्यालय में जनता दरबार लगाकर कार्यकर्ताओं की फरियाद सुन उसे हल करने में लगे रहे। खुद को कृष्ण और छोटे भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन बताने वाले तेज प्रताप ने राजद पर अपना हक जताया। खुद के लिए अपने पिता को ब्रह्मा, विष्णु, महेश बताने वाले तेज प्रताप ने फिर दोहराया कि पार्टी और परिवार में हमारे पिता लालू प्रसाद का स्थान सबसे ऊपर है। उनकी इच्छा हुई तो मैं पार्टी का काम जरूर देखूंगा और कमान भी संभालूंगा। अब जिलों में भी जनता दरबार लगाया जाएगा। तेजप्रताप ने दो दिन पहले राजद कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक रोज जनता दरबार लगाने का ऐलान किया था। सोमवार को उनका पहला दरबार था। पहले दिन ही देर से पहुंचे, किंतु इल्जाम राज्य सरकार पर लगा दिया। फरियादियों से माफी मांगते हुए कहा कि सुशासन के कारण महाजाम में फंस गया था। इसलिए आने में देर हो गई। रांची में पिता से मिलकर हफ्ते भर पहले पटना लौटे तेज ने कहा कि सारा काम लालू प्रसाद के मार्गदर्शन में हो रहा है। लोकसभा चुनाव माथे पर है। पार्टी को आगे बढ़ाना है।