PATNA : पटना सहित पूरे राज्य में मानसून कमजोर हो गया है। इससे अब उमस भरी गर्मी लोगों को खूब सताएगी। शुक्रवार को पटना सहित राज्य के अधिकांश शहरों के तापमान में औसत एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बिहार के पड़ोसी राज्यों में सक्रिय रहेगा। इस कारण कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और बारिश होने की संावना रहेगी। गुरुवार को पटना में सुबह आ‌र्द्रता 85 प्रतिशत रहने के कारण उमस भरी गर्मी महसूस की गई। अधिकतम तापमान बढ़कर 33.5 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे के दौरान पटना और आसपास के इलाके में 30.6 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। गया में 14.6 एमएम और पूर्णिया में 15.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। मुजफरपुर में 5 एमएम, भभुआ और छपरा में 4-4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 19 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में मानसून की हलचल के कारण गंगा के तटीय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना रहेगी।