- सदर बाजार थाना पुलिस ने 6 बदमाशों के गिरोह को पकड़ा

- टेंपो में सवारी बनकर सवारियों के साथ ही करते थे लूटपाट

MEERUT: सदर बाजार थाना पुलिस ने सवारियों के साथ लूटपाट करने वाले शुक्रवार को 6 बदमाशों के गिरोह को पकड़ा है। जो ऑटो में सवारियों के साथ घुलमिल जाते थे और मौका पाकर लूटपाट करते थे। गिरोह में पती-पत्‍‌नी भी शामिल हैं और दो सगे भाई हैं। पुलिस ने उनको ऑटो में सवारी करते हुए पकड़ा। तब वे लूटपाट की फिराक में थे।

पीडि़त को नहीं लगती थी भनक

पुलिस के अनुसार इन बदमाशों के गिरोह ने पूरे शहर में आतंक फैला रखा था। ये ऑटो में सवारियों के साथ लूटपाट करते थे। पीडि़त को इनके इरादों की भनक ही नहीं होती थी। वे इन्हें दूसरे सवारियों की तरह ही समझते थे। सवारियों के साथ घुलमिल कर काफी जानकारी हासिल कर लेते थे और मौका पाकर ऑटो में ही माल लूट कर फरार हो जाते थे। शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस इनको रोडवेज के पास स्थित पीर बाबा के मजार के पास सभी को एक साथ दबोचा। ये सभी एक ही ऑटो में सवार थे। पुलिस ने इनके पास से ऑटो यूपी 25 बीटी 6242 भी जब्त कर लिया है।

बेगमपुल पर दिया लूट को अंजाम

पकड़े गए बदमाशों में दो सगे भाई संदीप व रिंकुश पुत्र सुंदर पाल निवासी क्षोलस, गौतमबुद्धनगर और पती-पत्‍‌नी रामबीर व कुमनवती निवासी जोगीपुरा, खरखौदा शामिल हैं। इनके अलावा बदमाशों में चंदरपाल पुत्र बनारसी निवासी क्षोलस, जावल पुत्र गुलशेर निवासी नगलाताशी, कंकरखेड़ा भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पती-पत्‍‌नी ही गिरोह के मुखिया थे। पूछताछ में इन्होंने बेगमपुल पर पिछले वर्ष 16 अप्रैल को लूट को अंजाम दिया था। इन्होंने ऑटो में सवार पूनम मलिक का पर्स लूट लिया था। जिसमें 50 हजार रुपए और जेवर रखे हुए थे। पुलिस ने शाम को तीनों का मेडिकल करा दिया।

ऑटो में लूटपाट करने वाले पूरे गिरोह को पकड़ लिया गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में इन्होंने लूटपाट को अंजाम दिया है। फिलहाल एक ही घटना के बारे में बताया है। पूछताछ जारी है।

- गजेंद्र सिंह यादव, इंस्पेक्टर, सदर बाजार