आगरा। केबल टीवी के टेलीकास्ट को लेकर थर्राया शाहदरा में शनिवार को भी तनाव बना रहा। पुलिस फोर्स का लाव-लश्कर यहां डेरा डाले रहा। बावजूद इसके हिंदूवादी संगठन गुस्साए हुए नजर आए। उन्होंने जमकर हंगामा करते हुए पुलिस पर मनमानी और एक पक्ष का फेवर करने का आरोप लगाया। इस कारण क्षेत्र का बाजार बंद रहा। क्षेत्रीय निवासी भी दहशत की वजह से घरों में ही कैद रहे। मामले में तीन तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल फोर्स तैनात है।

हिंदूवादी मचाते रहे हंगामा

शनिवार की दोपहर बीजेपी व हिंदूवादी संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें आता देख रोक दिया। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया। रोकने के बाद भी वह लोग मौके पर पहुंच गए। यहां पर बीजेपी नेता ाम प्रताप सिंह का कहना था कि पुलिस की ढील से आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं। प्रकाश नगर के मामले में भी पुलिस ने ढिलाई दिखाई। इसके बाद एसीएम द्वितीय अनिरुद्ध को ज्ञापन देकर 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। इनका कहना था कि यदि कार्रवाई न हुई तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे।

रात में ही पुलिस ने लगवाई मूर्ति

इधर, मूर्ति खंडित करने को लेकर तनाव बना हुआ था। पुलिस ने रात में ही नई मूर्ति की स्थापना कर दी। सुबह दहशत से बाजार अधखुला ही रहा। लोग घरों से निकलने में डर रहे थे। कई बार दहशत से लोग दुकान बंद भी कर रहे थे। मौके पर पीएसी बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने इकरार, पप्पू, मो। लईक, नियाज मोहम्मद, मो। सईद, फिरोज खां, ताज मोहम्मद, 10-15 अज्ञात व महेंद्र, राजू, कमल, करन, रंजीत, अजय, करुआ, सनी, 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पहले पक्ष का मुकदमा

क्षेत्र की एक युवती ने मामले में छेड़छाड़ के बाद मारपीट, पथराव का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमें के मुताबिक शुक्रवार को युवती पानी भरने गई थी उस दौरान इकरार ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर 15-20 अज्ञात लोगों ने बस्ती 20-25 फायर कर पथराव कर दिया। पथराव में अमर सिंह, रंजीत, वीरू, कमल गंभीर घायल हो गए। साथ ही कार को क्षतिग्रस्त कर लूटपाट की कोशिश की। पुलिस ने मामले में इकरार, पप्पू, जान मोहम्मद, पीर मोहम्म के अलावा 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष का मुकदमा

मामले में इकरार ने भी मुकदमा दर्ज करया है। मुकदमें के मुताबिक डिश ठीक न चलने की शिकायत लेकर शुक्रवार की रात वह महेंद्र के घर पर गया था। महेंद्र इस बात से कुपित हो गया। उसने महेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नियत से हमला बोल दिया। सभी लोग हाथों में तमंचे व डंडे लेकर आ गए। इस हमले में कई लोगों के चोटें आई। पुलिस ने शिकायत पर महेंद्र, राजू व उसके दोनो बेटे, बहादुर व दोनो बेटे, पप्पू व उसके बेटे पर मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने भी किया मुकदमा दर्ज

मामले में पुलिस ने दोनों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे के मुताबिक रात में चैकिंग चल रही थी। उस दौरान सूचना मिली कि शाहदरा में झगड़ा हो रहा है। उसी दौरान एसआई अशोक कौशिक फोर्स के साथ मौके पर गए। पता चला कि डिस प्रसारण को लेकर संचालक व उपभोक्ता के बीच विवाद हुआ है। दोनों पक्ष लाठी, डंडे असलहों को लेकर अपने लोगों के साथ आ गए और पथराव व फायरिंग करने लगे। समझाने पर भी लोग नहीं मान रहे थे। वाहनों में तोड़फोड़ की।

इस वजह से हुआ बवाल

शुक्रवार की रात डिश प्रसारण को लेकर डिश संचालक महेंद्र वाल्मीकि व इकरार के बीच विवाद हो गया। इसके बाद बीच मारपीट के बाद पथराव, फायरिंग हो गई। लोगों ने छतों से पथराव किया। इसी दौरान एक मंदिर की मां दुर्गा की प्रतिमा टूटने से समुदाय विशेष गुस्सा उठा। मामला सांप्रदायिक होने से कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। मौके पर एसपी सिटी सुशील घुले व सीओ छत्ता बीएस त्यागी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह स्थिति पर काबू पाया।