- शास्त्री नगर सेक्टर आठ में दो संप्रदाय के बीच तनाव

- महिलाओं ने गेट लगाने को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन

- पुलिस से भिड़ीं महिलाएं, फटकारी लाठियां, बड़ा हंगामा

Meerut : शास्त्रीनगर आरटीओ पुल के पास सेक्टर आठ में गली के मुहाने पर गेट लगाने को लेकर दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। जहां गेट लगाने की कोशिश करने वाले लोगों को पुलिस ने लाठियां भांजते हुए दौड़ाया। लोगों को पुलिस ने गेट लगने से रोक दिया। इसको लेकर महिलाओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इस गेट के लगाने के लिए विशेष संप्रदाय के लोग विरोध कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

यह है मामला

नौचंदी थाना एरिया में आरटीओ पुल के पास सेक्टर आठ में मिश्रित आबादी है। जहां पुल से पहले ही सड़क के एक ओर हिंदू तो दूसरी ओर मुस्लिम रहते हैं। पुल से पहले ही सेक्टर आठ में हिंदू संप्रदाय के लोग अपनी कॉलोनी में मुहाने पर गेट लगाना चाहते हैं। सोमवार को लोग गेट लगाने के लिए पहुंच गए, जहां उस्मान, हाजी इमरान, यासीन, महबूब, गुड्डू विरोध में उतर आए। दोनों ओर से सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए, जिससे सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया।

पुलिस की दबंगई

सूचना पर नौचंदी पुलिस पहुंच गई। पब्लिक से पुलिस की काफी झड़प हुई। जब मामला नहीं संभला तो आला अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके साथ ही एसपी सिटी और कई सीओ मौके पर पहुंचे। जहां महिलाएं इकट्ठा होकर पुलिस के सामने आ खड़ी हुई। आरोप है कि पुलिस विरोधियों के पक्ष में काम कर रही है। इसके चलते पुलिस ने कॉलोनी की महिलाओं पर हाथ भी उठाया, जबकि वहां महिला पुलिस होनी चाहिए थी।

घंटो चला हंगामा

पुलिस का कहना है कि दूसरे संप्रदाय के लोग गेट लगाने को लेकर कोर्ट से स्टे ले आए हैं, जब तक कोर्ट से फैसला नहीं होगा गेट नहीं लगने देंगे। उधर सेक्टर आठ में रहने वाली महिलाएं गेट लगाने के लिए उतारू थीं। एक बार को तो महिलाओं ने पुलिस से पंगा ले लिया था। जिनको महिला पुलिस बुलाकर धकियाते हुए कॉलोनी में अंदर किया गया। वहीं पुलिस ने लाठियां भी फटकारी और लोगों को दौड़ाकर उनके घरों के अंदर कर दिया।

यह है आरोप

एक संप्रदाय के लोगों का कहना है कि इस कॉलोनी में अधिकतर घर उनके हैं। वे इस कॉलोनी में सुरक्षा के लिए गेट लगा रहे हैं। जहां विशेष संप्रदाय के लोग उनके यहां से निकलते हुए उल्टे-सीधे कमेंट करते हैं। चोरियां करते हैं और लड़कियों को छेड़ते हैं। इसको लेकर वे कॉलोनी में सुरक्षा चाहते हैं, इसलिए वे यहां गेट लगाना चाहते हैं। महिलाओं ने गड्ढा खोदकर खुद ही गेट लगाने के लिए खंभा भी गाड़ दिया था। पुलिस आई और यह लोहे का खंभा कब्जे में ले लिया।

पुलिस पर लगाए आरोप

कॉलोनी की महिलाओं ने थाना पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने ने अभद्रता के साथ उनसे मारपीट भी की, जिसमें सेक्टर आठ की नीलम शर्मा और करीब आधा दर्जन अन्य महिलाओं को चोटें आई। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक चले हंगामे के बीच भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष विवेक वाजपेयी और मंडल अध्यक्ष रवीश अग्रवाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाने पहुंचकर समझौते को लेकर बातचीत की गई। लोगों का कहना है कि सेक्टर ग्यारह मुस्लिम बाहुल्य है और सेक्टर आठ में केवल पांच घर हैं।

सुलग रही है आग

इस मारपीट को लेकर नौचंदी थाने में केस दर्ज है। इस मामले के बाद से ही इलाके में आग सुलग रही है। जहां कुछ भी हो सकता है। इस बार फिर पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की है, जिसको लेकर एक बार फिर पब्लिक काफी दुखी है। फिलहाल मौके पर पुलिस ने मामला टाल दिया, लेकिन यहां मामला कब बढ़ जाए पता नहीं।

एक संप्रदाय के लोग गली पर गेट लगा रहे थे, जिसका विरोध दूसरे संप्रदाय के लोग कर रहे हैं। वे कोर्ट से स्टे भी ले आए हैं। जब तक कोर्ट इस पर फैसला नहीं करती। गेट नहीं लगाया जा सकता।

- शिवराज सिंह, सीओ सिविल लाइन