-सूचना प्रसारण मंत्री ने मीडिया के साथ साझा किए सुरक्षा के मामले

-गन्ना किसानों की बेबसी का ठीकरा फोड़ा राज्य सरकार के सिर

Meerut: मेरठ में आकाशवाणी केंद्र का शिलान्यास करने आए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने मीडिया से दिल खोल कर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ माह सें भारत पड़ोसियों के साथ प्रो-एक्टिव है, न कि रि-एक्टिव। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आतंकवाद को लेकर अंतर्राष्ट्रीय दबाव भारत के पक्ष में बन रहा है।

सियासी हित की देन गन्ना समस्या

गन्ना किसानों की समस्या को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गन्ना भुगतान का मामला अहम है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के लिए केंद्र ने छह हजार करोड़ का पैकेज जारी किया है, लेकिन राजनीतिक नूरा-कुश्ती में समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खेल के अपने अलग नियम होते हैं, उसी तरह से संविधान के भी अपने अलग नियम हैं। इन नियमों में राज्य सरकार को भी अपना रोल अदा करना चाहिए।

आतंकवाद के खिलाफ हों एकजुट

पठानकोट हमले के बाद आतंकवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने आतंकवाद को मानवता को खिलाफ शाप बताया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आतंकवाद से लड़ने का समय आ गया है। केवल सरकार को ही नहीं, बल्कि समस्य देशवासियों को आतंकवाद के खिलाफ कमर कसनी होगी। राठौर ने कहा कि 1971 के बाद देश ने पहली बार राजनीतिक, कूटनीतिक व रणनीतिक मोर्चे पर सफलता हासिल की है। रियो ओलंपिक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्रिकेट को छोड़कर अन्य सभी खेल सरकार की मदद पर जिंदा हैं। इसमें राज्य सरकार अपनी भूमिका नहीं निभा रही है। राज्य सरकार को चाहिए कि वो बेहतर प्रतिभाओं का चुनाव कर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं।