RANCHI: अल कायदा के संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान उर्फ कटकी ने शुक्रवार की देर रात जमशेदपुर पुलिस को बताया कि रांची, जमशेदपुर समेत कई जिलों में अलकायदा के आतंकी रह रहे हैं। उसने आतंकियों की पूरी लिस्ट पुलिस के समक्ष खोल कर रख दी। इसके बाद जमशेदपुर, रांची पुलिस व एटीएस की टीम आतंकियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

दिल्ली की स्पेशल सेल भी अलर्ट

पुलिस सूत्रों की मानें, तो कटकी और सामी से पूछताछ में उनके जिन साथियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी में जुट गई है। वहीं, दूसरी तरफ मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने दिल्ली की स्पेशल सेल और ओडि़शा पुलिस भी जल्द शहर आने वाली हैं।

.बॉक्स।

आतंकी ट्रेनिंग के मिलते थे पैसे

कटकी से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद शुक्रवार की देर रात जमशेदपुर पुलिस ने एक संदिग्ध आतंकी मो कलीम के मानगो स्थित घर में छापेमारी की। लेकिन, कलीम अपने घर पर नहीं मिला। कटकी ने पुलिस को बताया कि उसे झारखंड में सदस्य जोड़ने का जिम्मा मिला था। इसके अलावा वह जमशेदपुर, रांची समेत राज्य के कई शहरों में जाकर कट्टरपंथी युवाओं को ट्रेनिंग देता था। कटकी के साथ-साथ धतकीडीह का अब्दुल सामी भी युवाओं को प्रेरित करने का काम करता था। इसके लिए सामी को पैसे भी मिलते थे।