भड़के दूल्हन के फूफा ने पीट-पीट कर किया अधमरा, अस्पताल में मौत

परिजन की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद दर्ज हुई रिपोर्ट

ALLAHABAD: बेटे की शादी में डीजे पर डांस करने को लेकर उठे विवाद में दूल्हे के पिता को दुल्हन के फूफा और रिश्तेदारों ने इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गयी। इसके चलते शादी के माहौल में मातमी सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलने पर अफसर भी सन्नाटे में आ गये। घायल की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। पुलिस इनकी तलाश में दबिश दे रही है।

दोपहर में आयी थी बारात

घटना घूरपुर थाना क्षेत्र के पहलू का पूरा गांव की है। सरायइनायत थाना के बड़नपुर गांव निवासी बबलू के बड़े बेटे इस्लाम का शनिवार को निकाह होना था। निकाह के लिए बारात लेकर बब्लू घूरपुर के पहलूपुर करमा गांव निवासी पप्पू पुत्र छोटेलाल के घर पहुंचा था। उनकी बेटी साइना से इस्लाम का रिश्ता तय हुआ था। शनिवार दोपहर बाराती गांव पहुंचे। हर तरफ खुशी का माहौल था। नाश्ता पानी के बाद डीजे की धुन पर नाचते गाते बाराती दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचे। इस बीच दुल्हन पक्ष के रिश्तेदार भी बारातियों के बीच घुस गये। नशे में होने के चलते सब अलग-अलग फरमाइश करने लगे। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ तो दूल्हे के रिश्ते मे चाचा मुख्तार अहमद पुत्र मुमताज निवासी शाहपुर बड़नपुर से दुल्हन पक्ष के लोगों की हाथापाई हो गयी। जब तक बराती पक्ष मामले को कुछ समझ पाते दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के चाचा मुख्तार की पिटायी शुरू कर दी। बीच बचाव करने पहुंचे दूल्हे के पिता को दुल्हन के फूफा ने अपने बेटे व अन्य एक के साथ मिलकर लाठी से पीट-पीट कर लहूलुहान कर मरणासन्न कर दिया। इतना देख बारातियों मे भगदड़ मच गयी। परिजन दूल्हे के पिता को इलाज के लिये करमा के एक अस्पताल ले गए। जहां गम्भीर हालत देख डाक्टरों ने शहर रिफर कर दिया। किसी तरह परिजन राम बाग स्थित एक अस्पताल पहुंचे, तो मामला पुलिस से जुड़ा होने के कारण डाक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया। जब तक परिवारवाले उसे लेकर एसआरएन पहुंचते काफी देर हो चुकी थी। दूल्हे के पिता की सांसे थम चुकी थी। मौत की सूचना पर रोते बिलखते परिजन थाने पहुंचे और दूल्हे के चाचा मुख्तार अख्तर ने तीन आरोपियों दुल्हन के फूफा जमील पुत्र आशील व बेटे सद्दाम निवासीगण उभारी घूरपुर व मुस्तकीम पुत्र करिया निवासी जंघई बाज़ार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

पहले से था दोनो में विवाद

बबलू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो बेटे व दो बेटियां हैं। वह हार्ट का पेशेंट था। बीमारी का पता चलने के बाद उसने सभी बच्चों का शादी विवाह अपने रहते ही कर देने का फैसला लिया था। बब्लू की हत्या के आरोपी जमील उससे पहले से रंजिश रखता था। क्षेत्र में रिश्तेदारी में आने पर तीन बार उस पर हमला कर चुका था। इसी के चलते रिश्तेदारों को जब यह पता चला कि जमील दुल्हन का फूफा है तो उन्होंने शादी रोक देने को कहा लेकिन बब्लू ने रिश्तेदारों की बातों को नजरअंदाज करते हुए शादी का फैसला लिया था।

इसी माह तय थी छोटी बेटी की शादी

परिवार के सदस्यों ने बताया कि बबलू ने अपनी छोटी बेटी फिरोज का निकाह भी तय कर रखा था। इसी माह निकाह होने के चलते इसकी भी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। अपनी बीमारी के चलते वह चाहता था कि सभी बच्चे सैटिल्ड हो जाएं। लेकिन, किसी को क्या पता था कि खुदा ने कुछ और ही मंजूर कर रखा है। बब्लू की मौत से पूरा परिवार सन्नाटे में आ गया है। खुशियों के आंगन में मौत का मातम पसर गया।

डीजे पर डांस को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट में मृतक को गंभीर चोटें लगी थी। अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।

-दीपेन्द्र चौधरी,

एसपी यमुनापार