- जमकर चले लाठी डण्डे, पांच लोग हुए घायल

- दो सगे भाईयों के बीच ही हुआ बवाल

KAUNDHIARA(7Jan, JNN): कौंधियारा थाना क्षेत्र के बेलसारा गांव में सुबह 8 बजे नाली को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी डण्डा चला जिसमें पांच लोग घायल हो गये हैं।

नाली को लेकर हुआ विवाद

बेलसारा गांव निवासी संकठा प्रसाद पाण्डेय व रामनिधी पाण्डे पुत्रगण सरजू प्रसाद पाण्डेय। दोनों सगे भाई हैं और दोनों के बीच काफी दिनों से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। गुरूवार सुबह रामनिधि पाण्डेय के पुत्रगण कमलेश पाण्डेय व दीपक पाण्डेय घर के बाहर नाली खोद रहे थे कि इसकी जानकारी जब संकठा प्रसाद को हुई तो उन्होंने कहा कि विवाद समाप्त होने के बाद नाली का निर्माण करो नहीं तो व्यर्थ में विवाद होगा। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।

पुलिस से की कार्रवाई की मांग

बात बढ़ी तो संकठा प्रसाद के पक्ष से उनके पुत्र सोनू पाण्डेय व मोनू पाण्डेय आ गये और कमलेश पाण्डेय व दीपक पाण्डेय के पक्ष से उनका एक और भाई संदीप पाण्डेय आ गया और पांचों में लाठी डण्डा चलने लगा जिसमें पांचों युवक घायल हो गये। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस ने पांचों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।