जलभराव की समस्या निजात नहीं परेशान हैं घंटाघर के व्यापारी

Meerut। चार दिन बाद भी रेलवे रोड चौराहे से घंटाघर तक जलभराव की समस्या दूर नहीं हो पाई है। एक दिन साफ करने के बाद दोबार से वहां पर जलभराव हो गया। सीवर लाइन चोक हुई पड़ी है और नाले गोबर से भरे हुए है। नियमित सफाई न होने के कारण जलभराव की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है।

गुजरते सैंकड़ों वाहन

रेलवे रोड चौराहे से घंटाघर की ओर रोजाना सैंकड़ों वाहन गुजरते हैं। इस रोड पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। एक डिग्री कॉलेज, एक इंटर कॉलेज व एसपी सिटी का ऑफिस भी इस रोड पर है। इसी रोड के बराबर वाली सड़क पर निगम का ऑफिस भी है। बावजूद इसके निगम जलभराव की समस्या से निजात नहीं दिला पाने में असमर्थ दिख रहा है।

निगम को नहीं पता

नगर निगम की टीम बीते चार दिन से सीवर और नाले की सफाई करने में जुटी है। लेकिन निगम के कर्मचारियों को नहीं पता कि इस जलभराव का कारण क्या है?

यहां जलभराव की समस्या आम है, इसकी वजह से बहुत परेशानी होती है। निगम के अधिकारियों से कितनी बार इसके स्थाई समाधान के लिए शिकायतें की गई हैं लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार ही नहीं है।

कालू प्रधान

जलभराव के कारण हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोग दुकान पर आते ही नहीं है। कई-कई दिन तक यही हाल रहता है। बारिश के दिनों में तो हाल और भी बुरा हो जाता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए निगम को कुछ करना चाहिए।

अनिल कुमार

निगम के अधिकारी काम करने को तैयार नहीं है। लोगों की परेशानी से उनको कोई वास्ता नहीं है। हाउस व वॉटर टैक्स वसूलने के लिए तो आ जाते हैं लेकिन जनता को सुविधा मिले इसके लिए कुछ नहीं करते। चार दिन से जलभराव खत्म नहीं हुआ है।

गुलफाम

सीवर चोक हो जाने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जिसके कारण जलभराव हो गया है। कर्मचारी काम कर रहे हैं। आज भी नाले व सीवर की सफाई कराई गई थी। जल्द ही समस्या को समाधान हो जाएगा।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम