-एक घंटे चली दिल्ली पुलिस व बदमाशों की मुठभेड़

- दादरी गांव के आठ बदमाशों ने किया था डाक्टर को अगवा

- छह करोड़ की फिरौती के लिए बदमाशों के आ रहे थे फोन

-बीस दिन पहले डाक्टर को किया गया था अगवा

-शताब्दी नगर व वेदव्यासपुरी में मिल रही थी लोकेशन

Meerut: शताब्दी नगर स्थित एक कमरे में अपहृत डॉक्टर को छुड़ाने आई दिल्ली पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। गोली लगने से एक बदमाश घायल भी हो गया। एक घंटे की मुठभेड़ में पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर डाक्टर को सकुशल बरामद किया।

क्या है मामला

दिल्ली स्थित प्रीत विहार के मेट्रो हार्ट एंव कैंसर हास्पिटल के डॉ। श्रीकांत गौड़ को 6 जुलाई को बदमाशों ने अगवा कर लिया था। बदमाशों ने डाक्टर के परिवार से छह करोड़ की फिरौती मांगी थी। सर्विलांस के जरिए बदमाशों की लोकेशन मेरठ में मिली। रविवार को दिल्ली पुलिस व एसटीएफ ने अनुज निवासी दादरी गांव को ट्रेस किया था। उसे पकड़ने का प्रयास किया था। वह अपनी वेगनआर कार छोड़कर भाग गया था।

पकड़े थे दो बदमाश

सोमवार को मेरठ एसटीएफ और क्राइम ब्रांच समेत दिल्ली पुलिस ने वेदव्यासपुरी में दो बदमाशों की लोकेशन के आधार पर दबिश दी थी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। बदमाशों के निशान देही पर बुधवार देर शाम एडिशनल डीसीपी एनके मीना पूर्वी दिल्ली के नेतृत्व में काफी संख्या में दिल्ली पुलिस ने शताब्दी नगर सेक्टर 4 बी। ब्लाक मकान नंबर 112 सोहनवीर गुर्जर के मकान को चारों तरफ से घेर लिया।

बदमाश को लगी गोली

पुलिस के आते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। एक घंटे तक पुलिस व बदमाशों की आमने- सामने की फायरिंग होती रही। पुलिस ने मकान की घेराबंदी करके पांच बदमाशों को दबोच लिया। जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने कमरे में बंधक बने हुए डाक्टर श्रीकांत गौड़ को सकुशल बरामद कर लिया।

-----

दिल्ली से अगवा हुए डॉ। श्रीकांत गौड़ को शताब्दी नगर सेक्टर चार स्थित सोहनवीर के मकान से सकुशल बरामद कर लिया गया है।

मान सिंह चौहान

एसपी सिटी मेरठ