-रंगबिरंगी लाइट्स के साथ लाउड म्यूजिक से गूंज रहा कांवड़ मार्ग

- बाबा भोलेनाथ के भजनों से गूंज रहा वातावरण

Meerut। शहर की सड़कें इस समय भोले के रंग में रंगी हैं। सुबह से शाम तक शहर की सड़कों पर बाबा भोलेनाथ के भजनों के साथ रंग बिरंगी सजावटी झांकियों के साथ लाखों संख्या में कांवडि़ये गुजर रहे हैं। हर साल की तरह इस साल भी कांवडि़यों में अपनी झांकियों को दूसरे कांवडि़यों से बेहतर दिखाने की होड़ है।

उमड़ रहे श्रद्धालु

कांवडि़यों की यह होड़ देखने के लिए शाम होते ही श्रद्धालुओं का हुजूम दिल्ली रोड पर उमड़ आता है। देर रात तक एक के बाद एक सजावटी संगीतमय झांकियों का दौर चलता है। जिसमें लाइटिंग के साथ- साथ साउंड सिस्टम और डीजे आकर्षण के केंद्र होते हैं।

वर्जन

झांकियों में लेजर लाइट्स के साथ बाबा भोले की विशालकाय प्रतिमा और उनकी सजावट को काफी पसंद किया जा रहा है। रोजाना 40 से 50 से अधिक विशाल कांवड़ शहर से गुजर रही हैं।

- राजेंद्र सिंह, सिंह परिवार कांवड़ सेवा

पैदल कांवड़ से ज्यादा रात में चलने वाली झांकियों का क्रेज है। इनमें लाइट्स इफैक्ट्स को हर साल बेहतर किया जा रहा है। इस बार भी झांकियों में लेजर लाइट्स का भरपूर प्रयोग किया गया है, जो लोगों को पसंद आ रहा है।

- महेंद्र नागर, न्यू युवा मित्र मंडली

कलश कांवड़ का इस बार बहुत ज्यादा प्रयोग किया जा रहा है। अधिकतर भोले स्टील के कलश में जल कलश लेकर चल रहे हैं। इनमें अधिकतर पैदल कांवडि़ए ही शामिल हैं।

- संजय गुप्ता, दिल्ली चुंगी व्यापार संघ

हापुड़ और गढ़ से आने वाले कांवडि़ये भी काफी अधिक संख्या में झांकियों वाली कांवड़ को लेकर आ रहे हैं। अधिकतर भोले रात के समय अपनी यात्रा शुरु करते हैं। जिससे उनकी झांकियों की लाइटिंग लोग देख सकें।

- गिरधारी लाल, त्रिमूर्ति व्यापार संघ