शनिवार

अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम - 10 डिग्री सेल्सियस

शुक्रवार

अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस

- दिनभर रहा कोहरा, ट्रेनों की रफ्तार थमी

- नगर निगम की तैयारी अधूरी, नहीं जला अलाव

Meerut । सर्दी और शीत लहर ने मौसम में ठंडक को और बढ़ा दिया है। शनिवार को मौसम में गलन महसूस की गई। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई। जिस कारण कोहरे के साथ दिनभर ठिठुरन रही। उधर कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई। अधिकतर ट्रेन चार से 19 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। ट्रेनों के लेट होने के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तापमान में गिरावट

शनिवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। जिस कारण एकाएक सर्दी में इजाफा हो गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री रहा। वही न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री दर्ज किया गया।

ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशानी

शनिवार को जहां सर्दी बढ़ी तो वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी की मुश्किलों का सबब बन गई। नौचंदी एक्सप्रेस जहां 9 घंटे लेट शाम 5 बजे पहुंची। उसके बाद शाम को 8.15 बजे नौचंदी लखनऊ के लिए रवाना हुई। वहीं संगम 8 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। जिसके बाद निर्धारित समय सात बजे इलाहाबाद के लिए रवाना किया गया। शालीमार एक्सप्रेस चार घंटे लेट पहुंची। कोहरे का सबसे ज्यादा असर राज्यरानी पर पड़ा है। शुक्रवार की तरह ही राज्यरानी 19 घंटे की देरी से मेरठ से गई। लखनऊ से आने वाली राज्यरानी रात को 11 बजे सिटी स्टेशन पहुंची। वहीं गोल्डन टेंपल ट्रेन चार घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। जबकि बॉम्बे से आनी वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय से मेरठ पहुंची।

निगम की तैयारी अधूरी

लगातार सर्दी बढ़ रही है। लेकिन नगर निगम की सुस्ती है कि टूटने का नाम नहीं ले रही है। ना तो अभी तक रैन बसेरों में कोई व्यवस्था हुई है। न ही अलाव जलाने की कुछ योजना बनी है। रैन बसेरों में अभी तक ताला तक नहीं खुला है।

---

तापमान में गिरावट आने के कारण सर्दी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ेगी। कोहरा यूं ही जारी रहेगा।

डॉ। सुभाष मौसम वैज्ञानिक

--------------------

सफाई निरीक्षकों को रैन बसेरों की सफाई कर व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अलाव की योजना बना ली गई है। एक दो दिन में अलाव व रैन बसेरे शुरू हो जाएंगे।

डॉ। कुंवर सेन नगर स्वास्थ्य अधिकारी