- त्रिभुवनखेड़ा मोड़ तक रेंगते रहे वाहन

- भीषण उमस में जाम से जूझने में छूटा पसीना

UNNAO: गुरुवार को रामादेवी कानपुर की ओर वाहन खराब हो जाने से गंगाघाट थानाक्षेत्र के हाइवे पर भी भीषण जाम लग गया। दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। भीषण उमस में राहगीर आगे निकलने की जुगत में जुटे रहे। करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य होने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली। गंगा पुल से लेकर त्रिभुवनखेड़ा मोड़ तक वाहन रेंगते नजर आए।

पलक झपकते ही लगी लंबी कतार

जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे कानपुर रामादेवी की ओर एक वाहन खराब हो गया, जिसके बाद जाम लगना शुरू हो गया। वाहनों के आपस में उलझने का असर देखते ही देखते जाजमऊ चौकीक्षेत्र तक पहुंच गया। दोनों ओर से ट्रक, कार व दोपहिया वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम से छुटकारा पाने के लिए छोटे वाहन सवारों में आपाधापी मच गई। इससे समस्या और विकराल हो गई। कई एंबुलेंस और वीआईपी गाडि़यां भी जाम में फंसी दिखाई दी। भीषण जाम की सूचना पर दोनों जिलों की पुलिस सक्रिय हो गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद जाम करीब दोपहर में 12 बजे खुल सका। इस दौरान उमस से दोपहिया वाहन सवारों की हालत खस्ता हो गई।