पत्नी ने शिकायती पत्र में देवर, सास व ससुर पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

ALLAHABAD: बारा कोतवाली क्षेत्र के ऊसर डेरा गांव में एक युवक ने परिवारिक समस्याओं के चलते घर के अंदर फांसी पर लटककर जान दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेजा। पुलिस को कमरे की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। घटना के पीछे परिवारिक विवाद निकलकर सामने आया है।

ग्राम पंचायत धरा के ऊसर डेरा निवासी संजय भारतीया पुत्र त्रिलोकी भारतीया का विवाह दो वर्ष पूर्व लालापुर थाना क्षेत्र के संपतलाल निवासी नौढ़यिा तरहार की पुत्री आरती के साथ हुई थी। शादी के बाद वैवाहिक जीवन खुशी खुशी बीत रहा था। एक माह पहले पुत्र सूरज पैदा हुआ। इस बीच कुछ माह से आरती और संजय की मां के बीच कहासुनी एवं झगड़ा शुरू हो गया। पत्‍‌नी और मां के बीच आए दिन विवाद के चलते संजय काफी परेशान रहने लगा था। रविवार को भी पत्नी व मां के बीच काफी कहासुनी एवं विवाद हुआ। घर वालों के कहने पर संजय पत्नी को मायके छोड़ आया। अपने कमरे में जाने लगा तो पता चला कि चाभी भूल आया है, इसके बाद उसने रात में ही कमरे का ताला तोड़ा और अन्दर सोने चला गया। सुबह उसके कमरे से कोई आहट न मिलने पर घर वालों ने देखा, तो वह छत के चुल्ले के सहारे फांसी के फंदे पर लटका था। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पत्नी आरती व मायके पक्ष के साथ साथ पुलिस को हुई। पुलिस ने शव को परिजनों की मदद से नीचे उतरवाया तो आरती के मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया और शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच पुलिस को दिए शिकायती पत्र में संजय की पत्नी आरती ने आरोप लगाया कि सास, ससुर व देवर आए दिन दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। संजय के विरोध करने पर उससे झगड़ा करते थे। इससे संजय दुखी रहता था। दारोगा रतिपाल का कहना है कि मृतक की पत्‍‌नी ने शिकायत करते हुए ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।