-चकेरी के पटेल नगर का मामला, जहरीली सिवई खाने की आशंका

-लोगों ने सिवई फैक्ट्री पर आरोप लगाया, पुलिस ने स्थिति को संभाला

KANPUR :

चकेरी में शुक्रवार को छह पालतू गायों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जिससे उनके मालिक समेत इलाकाई लोग भड़क गए। उनका आरोप है कि एक फैक्ट्री मालिक ने खाली प्लॉट में जहरीली सिवई फेंक दी थी, जिसको खाने से गायों की मौत हुई है। पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों को शांत करा शवों को पोस्टमार्टम भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा ि1दलाया है।

अचानक बिगड़ गई तबियत

पटेल नगर में कच्ची बस्ती में रहने वाली निर्मला, कौशल और संग्राम दूधिया हैं। उन्होंने गाय और भैस पाल रखी हैं। शुक्रवार की उनकी दो-दो गाय अचानक तबियत खराब होने से उल्टी करने लगीं। वे कुछ समझ पाते कि उससे पहले गायों की तबियत और बिगड़ गई। उन्होंने डॉक्टर को बुलाया, लेकिन उससे पहले गाय दम तोड़ चुकी थीं। अचानक छह गायों की मौत पर उनके मालिक समेत अन्य लोग भड़क गए। उन्होंने इलाके के राम प्रताप सिंह को गायों की मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि राम प्रताप की क्षेत्र में सिवई की फैक्ट्री है। उन्होंने खराब सिवई को घर के सामने खाली प्लॉट में फेंक दिया था। जिसे खाने से ही उनकी गाय की मौत हुई है। उनके हंगामा का पता चलते ही इंस्पेक्टर एके सिंह फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया।