दूसरी बार निरस्त हुई मिनी सदन की निर्धारित डेट

अभी तक नहीं हो सकी है इस सत्र की पहली बैठक

ALLAHABAD: केंद्र और प्रदेश के बाद इलाहाबाद नगर निगम में भाजपा की सरकार बने पांच महीने से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन अभी तक नगर निगम मिनी सदन की पहली बैठक नहीं हो सकी है। प्रयास के बाद भी मुहुर्त नहीं निकल पा रहा है। एक बार फिर सदन की तिथि स्थगित कर दी गई है।

12 दिसंबर को ली थी शपथ

नवंबर में निकाय चुनाव संपन्न होने और इलाहाबाद नगर निगम में पहली बार कमल खिलने के बाद भाजपा की प्रत्याशी व नव निर्वाचित मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी के साथ पार्षदों ने 12 दिसंबर 2017 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के मैदान में समारोह आयोजित किया गया था।

23 जनवरी को कार्यकारणी चुनाव

शपथ के करीब डेढ़ महीने बाद 23 जनवरी को नगर निगम सदन में कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया हुई। इसमें 12 सदस्यों का चुनाव हुआ। कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के बाद फरवरी और मार्च में न तो बजट की बैठक हुई और न ही सदन बुलाई गई। 11 अप्रैल 2018 को कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। वरिष्ठ पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य रतन दीक्षित निर्विरोध कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुने गए।

कार्यकारिणी ने पास किया बजट

18 अप्रैल को वित्तीय वर्ष 2018-19 के बजट पर चर्चा के लिए कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई। इसमें कार्यकारिणी सदस्यों ने बजट पास किया। 19 अप्रैल को जलकल के बजट को भी पास किया गया।

पहले सात फिर 15 मई की डेट स्थगित

कार्यकारिणी सदस्य, उपाध्यक्ष चुनाव और बजट पर कार्यकारिणी की बैठक संपन्न होने के बाद नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा सात मई को बजट पर चर्चा के लिए सदन की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया था। लेकिन 10 मई को मुख्य सचिव के दौरे के साथ ही अन्य कार्यो की वजह से सात मई को प्रस्तावित मिनी सदन की बैठक को स्थगित कर दिया गया। 15 मई को मिनी सदन की तिथि निर्धारित की गई थी।

नहीं हुई नगर आयुक्त की तैनाती

15 मई को मिनी सदन की पहली बैठक होती उसके पहले ही बैठक को स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया गया। स्थगित करने का कारण नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया के स्थानांतरण के बाद नए नगर आयुक्त की तैनाती न होना बताया गया।

नगर आयुक्त द्वारा कार्यभार ग्रहण न किए जाने के कारण 15 मई को प्रस्तावित मिनी सदन की तिथि निरस्त की गई है। नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया के रिलीव होने से पद रिक्त है। जल्द ही अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।

पीके मिश्रा

सचिव परिषद