-बिजली विभाग के जेई ने साथियों के साथ दिया लूट को अंजाम

-टेंडर डालने आए ठेकेदार से कैश व कागजात लूटकर हुआ फरार

-लूट के दो घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी जेई को किया गिरफ्तार

Meerut : बिजली विभाग में टेंडर डालने आए ठेकेदार से एक लाख रुपये लूट लिए। लुटेरा कोई और नहीं बल्कि बिजली विभाग का जेई ही था, जिसने अपने भाई को ठेका दिलाने के लिए दूसरे ठेकेदार से कैश और कागजात छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने दो घंटे बाद ही आरोपी जेई तथा उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया।

क्या था मामला

पल्लवपुरम निवासी अशोक कुमार त्यागी बिजली विभाग में रजिस्टर्ड ठेकेदार है। वह सोमवार दोपहर 1 बजे विक्टोरिया पार्क स्थित बिजली विभाग के मुख्य अभियंता परिषेण कार्यालय में अधीक्षण अभियंता राजीव शर्मा के कार्यालय में टेंडर डालने आए थे। इसी दौरान आफिस में ही तीन युवकों ने उसके हाथों में एक लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया। शोर मचाने पर उसकी पिटाई की। इसके बाद वह सरेआम बैग छीनकर कार में सवार होकर भाग लिए। ठेकेदार ने तुरंत पुलिस को लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने घटनास्थल का जायजा लिया। सिविल लाइन थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया।

कैसे हुआ घटना का खुलासा

एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि ठेकेदार अशोक कुमार त्यागी के साथ लूट करने वाले आरोपियों को मेडिकल पुलिस ने जेलचुंगी से दबोच लिया। लूट में शामिल बिजली विभाग का जेई सचिन लूट के गिरोह का सरगना निकला। सख्ती से पूछताछ करने पर जेई सचिन ने बताया कि उसका भाई मनीष भड़ाना बिजली विभाग में ठेकेदारी करता है। उसे सस्ते रेट में ठेका दिलाने के लिए उससे टेंडर में शामिल होने वाले कागज छीने थे। पुलिस ने जेई समेत तीन लोगों को दबोच कर हवालात में डाल दिया।

गिरफ्तार आरोपी

1-बिजली विभाग का जेई सचिन कुमार निवासी पबला गांव थाना इंचौली

2- रितेश कुमार निवासी परतापुर भूड़बराल

3- उस्मान निवासी खरदौनी

बिजली विभाग का जेई अपने भाई ठेकेदार मनीष भड़ाना को ठेका दिलाना चाहता था। इसलिए दूसरे ठेकेदार का बैग लूटकर फरार हो गया। जेई व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

-मान सिंह चौहान, एसपी सिटी मेरठ

----------

लूटपाट करने वाली महिलाएं गिरफ्तार

- बस आदि में महिलाओं को बनाती थी अपना शिकार

- महिलाओं के पास से बरामद हुआ है लूटा हुआ समान

मेरठ : देहली गेट पुलिस ने चेकिंग के दौरान बावरिया गिरोह की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि इनमें से एक महिला का पति पुलिस की गिरफ्त से भाग निकला। थाना देहली गेट में इनके खिलाफ लूट व चोरी का मामला दर्ज किया गया है।

गिरोह में 20 लोग

एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि देहली गेट पुलिस को चेकिंग के दौरान दो महिलाएं संदिग्ध नजर आईं। पूछताछ करने पर उन्होंने कई लूट की घटनाओं में अपना हाथ कबूल किया। उन्होंने बताया कि वह बावरिया सामुदाय से ताल्लुक रखती है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि इनके गिरोह में करीब 20 लोग शामिल हैं।

ऐसे बनाती थी शिकार

पुलिस के मुताबिक ये महिलाएं अपने बच्चे को लेकर बस या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लोगों से घुलमिल जाती थी। इसके बाद यह महिलाओं से पर्स या चेन लूट कर फरार हो जाती थी। इनके पति आसपास बाइक पर रहते थे। वारदात के बाद महिलाएं अपने पति के साथ फरार हो जाती थी। इनके पास से लूटे हुए जेवर, कई पर्स व अन्य लूटा हुआ सामान भी बरामद हुआ है।

लेडी डान -

1-किरन पत्‍‌नी सुरेंद्र यादव निवासी नंगला कलार अलीगढ़

2-बिट्टू पुत्री राजवीर सिंह निवासी अलीगढ़

फरार अभियुक्त

1-सुरेंद्र पुत्र सूरजमल दिल्ली

2-अजय पुत्र वीरपाल निवासी नंगला कलार थाना बन्नादेवी अलीगढ़