प्रति घंटे दो सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा नदियों जलस्तर

यमुना ने भी पार किया लाल निशान, पानी में समा रही आबादी

ALLAHABAD:

खतरे का निशान पार कर चुकी गंगा-यमुना अब कहर बरपाने पर अमादा हैं। उनके खतरनाक इरादों को भांपकर कछार के लोगों ने नया ठिकाना ढूंढना शुरू कर दिया है। उधर, शनिवार सुबह यमुना भी लाल निशान को पार कर गई तो कछार से जुड़े कई गांवों में खलबली मच गई। सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब जाने से किसानों की आंखें छलक आई। जानकारी के मुताबिक दोनों नदियां दो सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं और आने वाले दो से तीन दिनों तक राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

लगातार बढ़ रहा सैलाब

आंकड़ों के मुताबिक शनिवार शाम चार बजे तक पिछले चौबीस घंटों में गंगा का जलस्तर 33 सेमी और यमुना का जलस्तर कुल 42 सेमी बढ़ा है। यह रफ्तार शुक्रवार देर रात से बढ़ गई तो अधिकारियों की सांसें फूलने लगीं। बघाड़ा, सलोरी, ओम गायत्री नगर, राजापुर, नेवादा, अशोक नगर, ढरहरिया, दारगंज, संगम समेत करेली, आजाद नगर, जेके कालानी आदि इलाकों में अधिकारियों ने भ्रमण कर बाढृ का जायजा लिया। हालात यह हैं कि शनिवार को संगम स्थित बड़े हनुमानजी के मंदिर का मुख्य द्वारा जलमग्न हो गया। इसी के साथ संगम में स्नान करने वालों की संख्या भी कई गुना बढ़ गई। लोग गंगा में डुबकी लगाकर हर-हर गंगे का उदघोष करते रहे।

तैयार है सेना और एनडीआरएफ

सिचाई विभाग के बाढ़ प्रखंड के अधिशासी अभियंता मनोज सिंह का कहना है कि दोनों नदियों में अभी उफान बना रहेगा। अगले दो से तीन दिनों तक जलस्तर बढ़ने से लोगों को दिक्कतें पेश आ सकती है। प्रशासन ने पहले ही निचले इलाकों पर रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील कर दी है। सेना समेत एनडीआरएफ को भी एलर्ट कर दिया गया है। शहर में बनाए गए पांच राहत शिविरों में शनिवार को जबरदस्त भीड़ नजर आई। लोग बोरिया बिस्तर समेत इन शिविरों में पहुंच गए। राहत सामग्री के लिए हर जगह मारामारी का आलम दिखा। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ पीडि़तों की सहूलियत के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

जलस्तर पर नजर

खतरे का निशान- 84.73 मीटर

फाफामऊ- 85.14 मीटर

छतनाग- 84.49 मीटर

नैनी- 85.02 मीटर

कांग्रेसियों ने जाना हालचाल

शहर उत्तरी विधायक अनुग्रह नारायण सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित नागवासुकी, बक्शी बांध, छोटा बघाड़ा आदि इलाकों का दौरा लोगों से मुलाकात की। साथ ही हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर शहर अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, प्रदेश महासचिव तसलीम उददीन, मो। असलम समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।