-विवाहिता को जला कर मार डाला, मां का शव पेड़ पर लटका मिला

-पति पर हत्या का आरोप, गांव के दो युवक भी शक के दायरे में आए

KANPUR : बिल्हौर में बुधवार रात विवाहिता और उसकी मां की नृशंस हत्या कर दी गई। विवाहिता की जिंदा जलाकर हत्या की गई। उसका शव गांव के बाहर पुआल में पड़ा मिला, जबकि उसकी मां का शव एक किलोमीटर दूर पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने दामाद और उसके अज्ञात साथियों पर इस डबल मर्डर का आरोप लगाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

12 साल पहले हुई थी शादी

बिल्हौर के बेरी अलीपुर गांव निवासी राजाराम किसान है। उनकी बेटी रूबी (40) की करीब बारह साल पहले मैनपुरी कुर्रा पड़रिया गांव निवासी शिव कुमार के बेटे सुशील से शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद दहेज के लिए प्रताडि़त किए जाने और गैंगरेप से आहत होकर रूबी वापस मायके आ गई। उसने पति, देवर समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और गैंग रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी सुनवाई चल रही है।

समझौता करने का दबाव बना रहा था

पिता राजाराम का आरोप है कि सुशील अक्सर फोन करके रूबी से समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन रूबी राजी नहीं थी। बताया गया कि बुधवार रात रूबी के पास सुशील का फोन आया था। उसने रूबी से कहा कि वह गांव का रास्ता भटक गया है। इसलिए वह गांव के बाहर आकर उसको ले जाए। रूबी भरोसा कर मां जगदेई के साथ उसको लेने चली गई। दोनों टार्च और डंडा साथ लेकर गए थे। काफी देर बाद जब दोनों घर वापस नहीं पहुंचे तो राजाराम दोनों को ढूंढते हुए गांव के पास पहुंच गए।

फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की

वहां उन्होंने देखा कि पुआल में किसी युवती का जला हुआ शव पड़ा है। उसने ग्रामीण और पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों ने शव पर टार्च की रोशनी डाली। तब राजाराम ने शव की शिनाख्त करते हुए कहा कि यह उनकी बेटी रूबी का शव है। इसके बाद रूबी की मां की तलाश की जाने लगी। उनका शव करीब एक किलोमीटर आगे पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। एसपी ग्रामीण प्रद्रुम्न सिंह के मुताबिक दामाद और उसके अज्ञात साथियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए एक टीम को मैनपुरी भेजा गया है।

मां को दौड़ाकर मारा, फिर फंदे पर लटकाया

रिटायर्ड सीओ राकेश गौतम के मुताबिक घटना की परिस्थिति से पता चलता है कि पहले रूबी की हत्या की गई। बाद में उसकी मां की। इससे प्रतीत होता है कि कातिल के टारगेट में रूबी थी। जब रूबी मां के साथ गांव के बाहर पहुंची तो कातिल ने उस पर हमला कर दिया। इसे देख उसकी मां वहां से जान बचाने के लिए भागी होगी तो कातिल के साथियों ने उनको दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उन लोगों ने उनकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। ताकि पुलिस उसे सुसाइड समझे। जिस तरह से विवाहिता और उसकी मां की हत्या की गई है। पुलिस का मानना है कि तीन से चार लोगों ने मिलकर हत्या की है।

कुछ बातें पैदा कर रही हैं शंका

परिजनों के मुताबिक रूबी का पति से विवाद चल रहा था। फिर रूबी पति से मिलने क्यों गई। यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। कुछ इलाकाई लोगों का कहना है कि रूबी के गांव के ही एक युवक से संबंध थे। इससे यह भी माना जा रहा है कि कहीं पति की जगह इसी युवक ने तो फोन नहीं किया था। इसका पता लगाने के लिए पुलिस रूबी, उसके पति और दूसरे युवक की मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवा रही है। पुलिस का कहना है कि सीडीआर से साफ हो जाएगा कि रूबी के पास किसका फोन आया था।