- महिला को बचाने में पति भी झुलसा

BRAHMPUR: झंगहा थाना क्षेत्र के मिठाबेल गांव में बुधवार की रात पारिवारिक विवाद से तंग एक महिला ने अपने शरीर में आग लगा ली। आग बुझाने के क्रम में पति भी झुलस गया। दोनों को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ब्रह्मापुर पहुंचाया गया। डॉक्टर ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। गुरुवार को देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

मिट्टी का तेल छिड़क लगाई आग

मिठाबेल गांव निवासी झिनक द्विवेदी की पत्‍‌नी अराधना द्विवेदी (23) का बुधवार को घर वालों से विवाद हो गया। भोजन के बाद सब सोने चले गए लेकिन अराधना जगी रही। रात करीब 12 बजे उसने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। चीख सुनकर पति की नींद खुल गई। वह उसे बचाने गया तो वह भी झुलस गया। हालांकि वह आग बुझाने में कामयाब हो गया।

एम्बुलेंस को दी सूचना

परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ब्रह्मापुर ले गए। डॉक्टर ने झिनक को वहीं से छुट्टी ले दी लेकिन गंभीर हालत में अराधना को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में अराधना की हालत गुरुवार को शाम तक चिंताजनक बनी हुई थी। सूचना के बाद झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और बयान लिया। इस संबंध में देर शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।