आगरा। सिटी में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। लगातार हुई चोरी की घटनाओं ने शहर को हिला कर रख दिया है। शाहगंज में चोरों ने ज्वैलर्स के यहां पर लाखों के माल पर हाथ साफ तो हरीपर्वत में कपड़ा कारोबारी के मकान को निशाना बनाया। ताजगंज में भी लिपिक के नए मकान पर हाथ साफ कर दिया।

दोनों मंजिल खंगाल डाली

थाना शाहगंज क्षेत्र के आलोक नगर, बी-76 निवासी भाजपा कार्यकर्ता व समाजसेवी दिनेश मित्तल पुत्र स्व। सुंदरलाल मित्तल की एमजी रोड पर ज्वैलरी शॉप है। साथ ही खेरागढ़ में कोल्ड स्टोरेज है। राहुल व सुनील दो बेटे हैं। दोनों पिता के कारोबार को संभालते हैं। बुधवार दोपहर 12 बजे दिनेश परिवार संग गोवर्धन गए थे। परिवार रात करीब 10 बजे वापस लौटा। मेनगेट का ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के सारे दरवाजे खुले हुए थे। ऊपर और नीचे मंजिल मिलाकर पांच कमरों को खंगाल डाला। अलमारी का सारा सामान बेड पर और जमीन पर बिखरा पड़ा था।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध

गेट पर दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जो रोड को कवर करते हैं। बराबर से गेट बंद कॉलोनी है। सात बजे करीब दो संदिग्ध गेट बंद कॉलोनी की तरफ से जाते हुए देखे गए। माना जा रहा है कि वह रेकी करके गए थे। रात में पुलिस को सूचना दी। मौके पर डॉग स्क्वॉयड, फोरेंसिक टीम पहुंच गई। पीडि़त के मुताबिक चोर इनके यहां से 40 लाख के जेवर, सात लाख रुपये, तीन लाख रुपये की चांदी चोरी कर ले गए।

48 घंटे का अल्टीमेटम

चोरी की सूचना पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे व अन्य भाजपा नेता पहुंच गए। दिनेश के मुताबिक पुलिस को घटना खोलने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। इस मामले को लेकर वे अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

कपड़ा कारोबारी के यहां पर चोरी

थाना हरीपर्वत के सूर्य नगर निवासी कैलाश चंद गुप्ता का सुभाष बाजार में कपड़े का कारोबार है। बुधवार रात परिवार घर में सोया हुआ था। रात में दो बजे पत्नी ने खटपट की आवाज सुनी। परिवारीजन जाग गए। उन्होंने देखा कि ऊपर के कमरे का गेट खुला हुआ है। परिवार ने शोर मचा दिया। जिससे चोर मौके से भाग निकले। परिवार ने छत पर जाकर देखा तो पड़ोसी की दीवार से सीड़ी खड़ी हुई थी। कमरे में देखा तो चोरों ने पुराना संदूक खोल दिया था। उसमें ज्यादा सामान नहीं था। पीडि़त के मुताबिक चोर पुराना कैमरा व कुछ कैश चोरी कर ले गए।

बैंक क्लर्क के घर को बनाया निशाना

राधिका टाऊन, देवरी रोड, ताजगंज निवासी रेखा यादव धौलपुर, राजस्थान स्थित पंजाब नेशनल बैंक ब्रांच में लिपिक हैं। उनके पति कमलेश कुमार यादव सैन्य कर्मी हैं। यहां पर इन्होंने नया मकान बनवाया था। इनके पड़ोसी रिटायर्ड बीएसएनएल कर्मी प्रेम सिंह के यहां पर चोरों ने हाथ साफ किया था। रेखा यादव ने उनसे स्थिति का पता किया तो प्रेम सिंह ने बताया कि उनके मकान के ताले भी टूटे हुए हैं.रेखा यादव के मुताबिक फरवरी में मकान का उद्घाटन हुआ था। हाल ही में वह साढ़े सात हजार की केबिल लेकर आई थी। मकान में बिजली कनेक्शन होना था। चोर ने इनके यहां से केबिल, तीन पंखे, सिलेंडर, स्टेबलाइजर, आठ हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया है। पड़ोसी प्रेम सिंह के यहां पर भी लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।

ताले टूटने की दी जानकारी

थाना रकाबगंज छीपीटोला निवासी अजीत पुत्र भूप सिंह टोरंट में गाड़ी चलाता है। मंगलवार को पत्नी और बेटी घर से बाहर गई थीं। पड़ोसी ने बुधवार सुबह ताले टूटे होने की जानकारी दी। अजीत घर पर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीडि़त के मुताबिक चोरों ने इनके यहां से दो लाख रुपये व सोने-चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।