हर रोज गाडि़यां हो रहीं गायब, पुलिस कर रही कार्रवाई के सिर्फ दावे DEHRADUN: दून में चोर-पुलिस का खेल खूब चल रहा है। आए दिन नगर के चौराहों, घरों और सड़क से चोर मौका देखते ही गाडि़यां गायब कर रहे हैं। वहीं पुलिस कुछ मामलों में चोरों को पकड़ कर अपनी पीठ थपथपा रही है। चोर पुलिस पर किस तरह से भारी पड़ रहे हैं, इस बात की तस्दीक पुलिस के ही आंकड़े कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से देहरादून में वाहन चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। जोगीवाला से दोपहिया वाहन चोरी जोगीवाला क्षेत्र में देर रात शादी समारोह में गए दो युवकों के टू व्हीलर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पीडि़त आशीष कुमार और हिमांशु सिंह ने बताया कि वह जोगीवाला शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इस बीच उन्होंने अपनी एक्टिवा और मोटरसाइकिल को सड़क के किनारे पार्क किया था। कुछ देर बाद वह वापस लौटे तो दोनों के टू व्हीलर वहां से गायब थे। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। 177 वाहन चोरी और लूटे गए अक्टूबर माह तक। (यह आंकड़े जनवरी 2017 से हैं.) 7 से अधिक गाडि़यां गायब हुईं नवंबर माह में। कितनों का खुलासा हुआ इसकी जानकारी पुलिस के पास नहीं है। वाहनों के उपभोक्ता अधिक बढ़ रहे हैं तो वाहन चोरियों का भी ग्राफ बढ़ता जा रहा है। लेकिन पुलिस इस बढ़ते क्राइम को वर्क आउट भी करने में लगी हुई है। ऐसे अपराधियों पर पुलिस नजर बनाए रखती है। अशोक कुमार, एडीजी लॉ एंड आर्डर।