GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के गायत्रीनगर, झरना टोला में रिटायर्ड फौजी जय सिंह के घर में घुसे चोर नकदी समेत सवा लाख के जेवरात चुरा ले गए। मंगलवार दोपहर घटना के समय परिवार के लोग घर में ही मौजूद थे, इसके बावजूद बेखौफ बदमाश वारदात कर फरार हो गए। मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है। जय सिंह सेना में नायक पद से रिटायर्ड हैं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह मकान के एक कमरे में सो रहे थे। उनकी पत्‍‌नी और बहू गेहूं सुखाने के लिए छत पर थीं। इस बीच चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे चोरों ने आलमारी में रखे 15 हजार रुपए नकद व तीन लाख से अधिक के सोने के जेवर चुरा लिए। छत से नीचे आने के बाद आलमारी खुली देख पत्‍‌नी और बहू के होश उड़ गए। पत्‍‌नी ने बताया कि वह तकरीबन 1:30 बजे तक कमरे में ही थीं। एक मेहमान आए थे। उन्हें बिस्कुट और पानी दिया। उन्होंने आलमारी से ही बिस्किट निकालकर दिया था। मेहमान के जाने के बाद वह बिना ताला बंद किए बहू के साथ छत पर चली गई। घर का मेन गेट बंद था लेकिन कमरे का दरवाजा खुला था। बगल के कमरे में पति सो रहे थे। इसलिए उन्होंने दरवाजे की कुंडी नहीं बंद की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।