- अलग-अलग एरिया में तीन घरों से लाखों के नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

- घटना की रात छत पर सो रहे थे फैमिली मेंबर्स

GORAKHPUR : सिटी और ग्रामीण इलाकों में चोरों का आतंक दिन ब दिन बढ़ता ही जा रहा है। चोरों की एक्टिवनेस से एक बार फिर पुलिस की नींद उड़ा दी हैं। सैटर्डे को चोरों ने तीन मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर डाला, इसमें जहां उन्होंने बैंक एंप्लाई का घर साफ किया, तो वहीं एक अधिवक्ता और किराना व्यापारी को भी नहीं छोड़ा। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से अब पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बैंक कर्मी के घर से डेढ़ लाख की चोरी

पीपीगंज एरिया के जंगल कौडि़या निवासी कौशल चौहान एसबीआई बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। फ्राइडे की रात वह फैमिली मेंबर्स के साथ छत पर सोने चले गए। इस बीच चोरों ने मकान के मेन दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे से बॉक्स उठा ले गए। सैटर्डे मार्निग जब फैमिली मेंबर्स नीचे उतरे, तो ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। कौशल ने बताया कि घर में शादी की तैयारी चल रही थी, इसके लिए गहने खरीद कर रखे गए थे। नकदी समेत डेढ़ लाख रुपये के गहने गायब है। चोरी किया गया बॉक्स मकान के पास खेत में मिला है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।

अधिवक्ता के घर से उड़ाया कम्प्यूटर सेट व मोबाइल

गोरखनाथ एरिया के विनायकपुरम् कॉलोनी में अधिवक्ता अजय कुमार पांडेय का निवास है। फ्राइडे को वह मकान में ताला बंदकर कर अपने गांव सरहरी गए थे। सैटर्डे को जब वापस लौटे तो मकान के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे में रखा सामान अस्त-व्यस्थ था। कम्प्यूटर सेट और एक मोबाइल समेत पचास हजार गायब थे। अधिवक्ता ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

खिड़की तोड़ उड़ा ले गए नकदी समेत दो लाख के जेवरात

गगहा एरिया के हाटा बाजार निवासी बबलू चौधरी मकान में ही किराना शॉप चलाते हैं। शॉप के पीछे से परिवार के साथ रहते हैं। रात में पूरा परिवार छत पर सो रहा था। बबलू की मानें तो चोर मकान की खिड़की तोड़कर उनके कमरे में दाखिल हुए। जहां से आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जमीन के कागजात, एक लाख 35 हजार रुपये कैश समेत दो लाख रुपये के जेवरात उड़ा ले गए। फ्राइडे मार्निग उनको इस बात की जानकारी हुई।

इधर चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। इसके लिए पुलिस की गश्त और तेज कर दी गई है। साथ ही पुलिस चोरों की धरपकड़ में लगी है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ब्रजेश सिंह, एसपी, ग्रामीण