- शाहपुर एरिया के मानस बिहार की घटना, रोते पहुंची चौकी

- कोतवाली एरिया में बदमाशों ने सरेशाम महिला की चेन छीनी

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के मानस बिहार कालोनी में चोरों ने आधे घंटे में पूरा घर खंगाल लिया। घटना फ्राइडे इवनिंग करीब छह बजे हुई। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने पर कोई नहीं पहुंचा। महिला ने पादरी बाजार चौकी पर घटना की सूचना दी तो पुलिसवाले दरोगा का इंतजार करते रहे। उधर, कोतवाली एरिया में बाइक सवार बदमाशों ने विकास भवन में तैनात महिला कर्मचारी के गले से चेन छीन लिया। घटना के उनके घर के सामने हुई।

आधे घंटे के लिए बाजार गई थी संजना

मानस बिहार कालोनी में अजीत पांडेय का मकान बन रहा है। गुहाटी में नौकरी करने वाले अजीत के घर में उनकी पत्‍‌नी संजना और दो बच्चे रहते हैं। फ्राइडे इवनिंग दोनों बच्चे ट्यूशन पढ़ने चले गए। घर में अकेली संजना संगम चौराहे पर दवा लेने चली गई। आधे घंटे बाद घर पहुंची तो घर से ख्0 हजार नकदी, ज्वेलरी सहित लाखों का सामान उठा ले गए थे। आलमारी में रखी सोने की आठ अंगूठी, झुमका और हार गायब था। महिला ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। लेकिन कोई नहीं पहुंचा। रोती बिलखती वह पादरी बाजार चौकी पर पहुंची। सूचना देने पर पुलिसवाले दरोगा के आने का इंतजार करते रहे।

घर लौट रही थी, बदमाशों ने छीन ली चेन

कोतवाली एरिया के जगरनाथपुर में बाइक सवार बदमाशों ने महिला को निशाना बनाया। विकास भवन स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय से डयूटी करके घर लौट रही महिला की चेन छीनकर फरार हो गए। जगरनाथपुर मोहल्ले में रहने वाली रजिया बेगम, जिला पूर्ति कार्यालय में बाबू हैं। शाम को वह घर पहुंची। दरवाजे पर खड़ी होकर अपने मामा से बात करने लगीं। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चेन छीन ली। चेन छीनने से महिला के गले पर घाव हो गया। जिला आपूर्ति विभाग के अरुण सिंह ने बदमाशों को अरेस्ट करने की मांग पुलिस से की है। महिला ने बताया कि बाइक पर पीछे बदमाश दुबला, पतला लंबी कद- काठी का था।