-पहचान छिपाने के लिए शव जलाया, नहीं हो सकी शिनाख्त

-पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, घटना से फैली सनसनी

भमोरा : भीकमपुर-कुड्ढा के जंगल में एक युवक की हत्या कर शव फेंक दिया। शिनाख्त न हो सके इसके लिए हत्यारों ने शव को जलाया भी दिया। शव के कई हिस्सों को जंगली जानवरों ने भी नोच लिया है। गांव वालो ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।

बच्चों ने देखा था शव

कुड्ढा गांव और भीकमपुर के बीच जंगल के समीप नदी सूख चुकी है। थर्सडे दोनों ही गांव के बच्चे जंगल में बकरी चराने गए थे। बच्चों ने नदी किनारे गड्ढे में शव देखा तो अपने परिवार वालों को जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। शव को जंगली जानवरों ने नोच डाला था। कपड़े अलग पड़े हुए थे। शर्ट के बटन भी टूटे थे। पुलिस इससे अंदाजा लगा रही है कि युवक कि हत्या से पहले उसने जान बचाने को संघर्ष भी किया होगा। आरोपी शव खींचकर गड्ढे की ओर ले गए थे। इसके भी निशान मिले हैं।

युवक के शव को जलाया

युवक की पहचान न हो इसके लिए आरोपियों ने शव जला दिया था। शव को जलाने के लिए पुआल का इस्तेमाल किया गया। शव के पास में जले हुए जूते भी पड़े मिले। जंगली जानवरों ने युवक के हाथ, पैरो व आधे चेहरे के मांस को नोच डाला था। सूचना पर सीओ केपी सिंह और एसओ राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश कि लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।