- बृजपाल तेवतिया को देखने फोर्टिस पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य

- एनसीआर में घातक हथियारों के इस्तेमाल पर मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

LUCKNOW: गाजियाबाद में बदमाशों की गोलियों का शिकार बने भाजपा नेता बृजपाल तेवातिया को देखने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य नोएडा के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने तेवतिया परिवार को ढांढस देते हुए कहा कि भाजपा परिवार उनके साथ है। साथ ही एनसीआर में प्रतिबंधित हथियारों के इस्तेमाल पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला सूबे में जंगलराज की पुष्टि करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के संरक्षण में पोषित अपराधियों पर पुलिस का भय नहीं है। प्रदेश में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है।

सीबीआई जांच के आदेश का किया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा बुलंदशहर कांड की सीबीआई जांच का स्वागत किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हाईकोर्ट द्वारा सीबीआई जांच का आदेश प्रदेश सरकार को आईना दिखाने वाला है। बुलंदशहर कांड के बाद शासन-प्रशासन का रवैया, आरोपियों की गिरफ्तारी में शंका और सरकार के कबीना मंत्री आजम खान के विवादित बयान ने पूरे प्रकरण को संदेह के घेरे में ला दिया था। भाजपा इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग पहले ही दिन से कर रही है। हाईकोर्ट इस मामले में की जांच और कार्यवाही से भी संतुष्ट नहीं है। मौर्य ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आग्रह किया कि वे जवाहरबाग कांड, मथुरा कांड, कैराना कांड एवं जहरीली शराब कांड की भी सीबीआई जांच की संस्तुति करें।

विरोध में कांग्रेस करेगी घेराव

वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि सूबे में अपराधों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से साफ हो गया है कि कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गयी है और जंगलराज व्याप्त हो गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में सरकार और पुलिस का इकबाल पूरी तरह समाप्त हो गया है। इसके विरोध कांग्रेस पार्टी सरकार का घेराव करेगी। गाजियाबाद में जिस प्रकार बदमाशों ने वारदात अंजाम दी, उससे साफ है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश में बढ़ती महिला उत्पीड़न सहित अपराधिक घटनाओं पर इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया है कि प्रदेश में पुलिस आखिर कर क्या रही है। पार्टी की कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही एवं पुलिस विभाग के निकम्मेपन के कारण हाईकोर्ट को दखल देते हुए बुलंदशहर कांड की सीबीआई जांच का आदेश देना पड़ा।