- भैंस चोरी करने आया था

- रस्सी में फंस गया था हाथ

आगरा। थाना एत्मादपुर में एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। सुबह गांव में भैंस चोरी करने आए चोर के सामने उसका जीवन अस्त हो गया। जिस भैंस को वह चोरी करने आया था वह उसके लिए यमदूत बन गई। चोर ने सोचा भी नहीं होगा कि उसकी मौत इतनी दर्दनाक होगी। भैंस चोर को खेत व सड़क पर घसीटती हुई घूमती रही। बाद में चोर की लाश के साथ अपने खूंटे पर पुन: वापस आ गई।

चोर के लिए बन गई अंतिम सुबह

घटना एत्मादपुर के गांव नगला मनी की है। यहां पर सत्यप्रकाश के घर बाहर भैंस बंधी हुई थी। रात में पूरा परिवार घर में सोया हुआ था। मध्य रात्रि किसी समय चोर ने उनकी भैंस को खूंटे से खोल ली। इसके बाद सुबह जब भैंस के रंभाने की आवाज सुनी तो बाहर आए।

नीचे पड़ा था आदमी

सत्य प्रकाश ने देखा कि भैंस खड़ी है और नीचे एक आदमी बुरी तरह से चोटिल, कीचड़ में सना हुआ पड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह थी कि भैंस के गले की रस्सी आदमी के हाथ में बंधी हुई थी। थोड़ी देर में सारा माजरा समझ में आ गया। छानबीन करने पर पता चला कि वह भैंस चोर है।

रस्सी में फंसा हाथ

चोर जब भैंस को चोरी कर ले जा रहा था तब उसकी गले में बंधी रस्सी के दूसरे सिरे पर भी फंदा बना हुआ था। जिसमें चोर का हाथ फंस गया। भैंस ने बचने के लिए दौड़ लगाई तो चोर उसके साथ घिसटता गया। जब तक वह दौड़ सकता था दौड़ा बाद में जमीन पर गिर पड़ा।

हुई दर्दनाक मौत

लोगों का कहना था कि चोर का जब हाथ फंस गया तब भैंस गेहूं के खेत में दौड़ गई थी। दो बीघा खेत में भैंस चोर को घसीटती रही। इसके बाद भैंस सड़क पर आ गई। सड़क पर भी चोर को खूब घसीटा। चोर सड़क पर घिसटने से पड़ी चोटों को नहीं झेल सका और उसकी मौत हो गई। भैंस इसके बाद खुद अपने खूंटे तक आ गई थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।