-शादी से लौटने के दौरान नारी गांव के पास हुई झड़प, चार घायल

-दो पक्षों में हुई ¨हसक झड़प के बाद बिगड़ा माहौल, सड़क पर उतरे लोग, थाने का घेराव

रांची : राजधानी के मेन रोड, नगड़ी व रातू के बाद अब बेड़ो में माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई। शनिवार की रात बेड़ो के नारी गांव में दो गुटों के बीच हुई ¨हसक झड़प के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद रविवार को खूब बवाल हुआ। एक गुट के लोग बड़ी संख्या में पारंपरिक हथियारों के साथ विरोध करने सड़क पर उतर आए। थाने का घेराव करने भी पहुंचे थे। इसके बाद पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पथराव किया गया। लोग पुलिस से भी उलझे। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल पुलिस की टीम बेड़ो में कैंप कर रही है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।

चार लोग हुए थे घायल

शनिवार देर रात नारी गांव से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों की बदमाशों से मारपीट हुई थी। इसबीच बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए। सभी को रिम्स में भर्ती कराया गया। सभी खतरे से बाहर हैं। मारपीट में अमरजीत उरांव, तेजो उरांव, सोमा कच्छप, छोटका लकड़ा को गंभीर चोट आई है।

वापस लौटने के दौरान किया गया हमला

रिम्स में भर्ती घायल 27 वर्षीय तेजु उरांव ने कहा कि हम सभी गाड़ी पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, इसी बीच केसा गांव के रहने वाले एक समुदाय के लोगों ने हमलोगों पर हमला कर दिया। वहीं 26 वर्षीय सोमा कच्छप ने कहा कि हमलावरों के पास धारदार हथियारों के साथ राइफल भी थी। उन्होंने कहा कि हमलावर ने उनके सीने पर राइफल के कुंदे से प्रहार किया। साथ ही हाथ की नस में चाकू से हमला किया। 16 वर्षीय युवक अमरजीत उरांव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसके सर पर भी गंभीर चोट लगी हैं। वहीं 17 वर्षीय छोटू लकड़ा के पेट में गहरे जख्म के निशान हैं। इस हादसे से वह इतना सहमा हुआ है कि बोलने की स्थिति में नहीं है। इसके पेट में धारदार हथियार से हमला किया गया है। सभी घायलों को रविवार तड़के साढ़े चार बजे रिम्स में इलाज के लिए लाया गया है। घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।