सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय पर जुटे हजारों की संख्या में शिक्षामित्र

दिन भर चला धरना प्रदर्शन, कई संगठनों ने दिया समर्थन

ALLAHABAD: सुप्रीम कोर्ट की ओर से आए फैसले में समायोजन रद्द होने के बाद से सड़क पर उतरे शिक्षामित्रों का आन्दोलन सोमवार को भी जारी रहा। हजारों की संख्या में शिक्षामित्र मम्फोर्डगंज स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। संयुक्त शिक्षामित्र संघर्ष समिति के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा। शिक्षामित्रों के आंदोलन को देखते हुए विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने भी इनका समर्थन किया है।

मांगे पूरी नहीं तो होगी तालाबंदी

सोमवार को शिक्षामित्रों के समर्थन में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ आ गया। संघ के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र श्रीवास्तव एवं जिला संरक्षक गोपी कृष्ण तिवारी ने घोषणा की कि यदि सरकार द्वारा शिक्षामित्रों की समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो जनपद के सभी विद्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।

सभी शिक्षकों की लड़ाई

धरनास्थल पर पहुंचे शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने शिक्षामित्रों का मांगपत्र लिया। उन्होंने आस्वस्त किया कि ये लड़ाई अब सभी शिक्षकों की है। यदि जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

अब अनिश्चितकालीन धरना

शिक्षामित्रों ने आन्दोलन की रूपरेखा बदलते हुए मंगलवार से अनिश्चित कालीन धरना सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में करने की घोषणा की। इस दौरान अश्वनी त्रिपाठी, वसीम अहमद, अरूण सिंह, जर्नादन पाण्डेय, शारदा शुक्ला, मो। अख्तर, नौसाद अहमद, विनय पाण्डेय, आलोक यादव, सुरेन्द्र पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

बच्चों के साथ आई शिक्षामित्र

समायोजन रद्द होने के बाद आन्दोलन कर रहे शिक्षामित्रों में बड़ी संख्या महिलाओं की भी है। सोमवार को सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय पर पहुंची महिला शिक्षामित्र अपने पति और बच्चों के साथ आई। इस दौरान गर्मी के बावजूद बच्चे भी मां के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।