पीडि़ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस
allahabad@inext.co.in
ALLAHABAD: कर्नलगंज एरिया स्थित भारद्वाज आश्रम के पास रहने वाली छात्रा से एक युवक कई दिनों से छेड़खानी कर रहा था। उसकी हरकत से तंग छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी धमकी देने लगा। यही नहीं, आरोप है कि छात्रा की मां को भी उसने गालियां देते हुए धमकी दी है। पीडि़ता ने मामले की तहरीर कर्नलगंज पुलिस को दी है।

अश्लील कमेंट से परेशान थी छात्रा
कर्नलगंज थाने पहुंची छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने सूरज व उसके भाई बादल एवं प्रदीप गोस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बताते हैं कि 16 वर्षीय छात्रा पास के एक स्कूल में 11वीं में पढ़ती है। उसके पिता एक मंदिर के सेवक हैं। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर खड़ी थी। इस बीच सूरज व अन्य युवक उसे देख कर अश्लील कमेंट करने लगे। ऐसा वे कई दिनों से कर रहे थे। उनकी हरकत से तंग छात्रा ने विरोध किया तो युवक उसे गालियां देते हुए धमकी देने लगे। शोर मचाई तो मां आ गई। मां ने विरोध शुरू किया तो युवक उसे पीटने लगे। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में कई बार विवाद हो चुका है। कुछ दिन पहले सूरज और उसके भाई बादल का शांति भंग में चालान भी किया गया था। फिलहाल छात्रा की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

अश्लील कमेंट का आरोप
धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीवां इलाके की एक महिला ने अपने किराएदार युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके मकान में किराए पर रहने वाला युवक उसे देखकर आपत्तिजनक कमेंट करता है। विरोध पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि किराएदारी का विवाद है। जांच की जा रही है।