पहली बार कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में बॉक्सिंग प्लेयर्स का हुआ सलेक्शन

दो और बॉक्सर होंगे इंडियन टीम में शामिल

Meerut। मेरठ ने इंडिया को क्रिकेट के साथ-साथ बैडमिंटन, कुश्ती, हॉकी तथा डिस्क थ्रो आदि खेलों के लिए शानदार खिलाड़ी दिए हैं। हालांकि ऐसा पहली बार हुआ है, जब बॉक्सिंग के खिलाड़ी इंडियन कैंप के लिए चुने गए हों।

दिल्ली-रोहतक में कैंप

कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम के तीन खिलाड़ी फिलहाल इंडियन कैंप में ट्रेनिंग ले रहे हैं। इसमें साक्षी रोहतक में जूनियर ग‌र्ल्स इंडिया कैंप में ट्रेनिंग ले रही है। जबकि वर्षा चौधरी दिल्ली में सीनियर ग‌र्ल्स इंडिया कैंप में हिस्सा ले रही है। वर्षा को पिछले माह 29 मार्च को रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड से सम्मानित भी किया गया था। वहीं इश्मित रोहतक में व‌र्ल्ड चैंपियनशिप के लिए यूथ इंडिया कैंप में अपने हुनर को निखार रहा है।

दो और बॉक्सर

साक्षी, वर्षा और इश्मित के बाद कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम से दो और बॉक्सरों शाहरूख और कुलदीप का चयन इंडियन कैंप के लिए हो गया है। दोनों बॉक्सर कोच भूपेंद्र सिंह से बॉक्सिंग की कोचिंग ले रहे हैं। हालांकि अधिकारिक तौर पर अभी दोनों के चयन का कोई लेटर नहीं आया है।

मेरठ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। थोड़ी सुविधाओं का अभाव है। बहुत अच्छा लगता है जब हमारे द्वारा कोचिंग ले रहे खिलाडि़यों का चयन इंडिया के लिए होता है। जल्द ही यह इंडिया के लिए मेडल भी जीतकर लाएंगे।

भूपेंद्र सिंह, कोच

स्टेडियम में अच्छे खिलाड़ी हैं, जिन्हें बस दिशा व ट्रेनिंग देने की जरूरत है। हमारे यहां के तीन खिलाड़ी इंडियन कैंप में हिस्सा ले रहे है। दो और खिलाडि़यों का चयन इंडियन कैंप के लिए हो गया है।

वैशाली , बॉक्सिंग कोच

साथी खिलाड़ी जब कुछ अच्छा करते हैं तो गर्व महसूस होता है। खासकर जब इंडियन कैंप के लिए उनका सलेक्शन हो जाता है। हमारे कोच बहुत अच्छे हैं, वह हमेशा छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देते है और उनमें सुधार कराते हैं।

सुनील, नेशनल बॉक्सर