जेल ब्रेकिंग न्यूज
कुछ दिन पहले इसी सम्प्रेक्षण गृह में एक किशोर से कुकर्म का मामला सामने आया। पीडि़त को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी भी इलाज चल रहा है। आरोपियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस किशोर ने जेल में होने वाले सभी गोरख धंधों का खुलासा किया, इसके बावजूद कुछ नहीं किया गया। अब जेल ब्रेक की बात करें तो जेल ब्रेक होती रहती है। बुधवार को फिर ब्रेक हो गई। इस बार तो फरार होने वाले किशोरों ने बड़ी ही शातिराना अंदाज में जेल ब्रेक की.

ऐसे भागे
बताया गया कि बुधवार को सम्प्रेक्षण गृह में होमगार्ड सुशील से तीन किशोर बंदियों जिशान, तला और सिंघम ने छत से कपड़े उतरवाकर लाने के लिए कहा। होमगार्ड ने छत के दरवाजे का ताला खोला और तीनों को लेकर ऊपर गया। जहां इन तीनों ने होमगार्ड को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। होमगार्ड को इतना पीट बेहोश कर दिया। इसके बाद इन तीनों शातिरों ने कपड़ों से रस्सी बनाई। छत पर रस्सी बांधी और इससे एक-एक करके तीनों नीचे उतरकर फरार हो गए। होमगार्ड तब तक कुछ करता तीनों फरार हो चुके थे। जिसकी जानकारी पुलिस को दी.

मौके पर पुलिस
सूचना पाते ही सीओ सिविल लाइंस विकास चंद त्रिपाठी और एसओ नौचंदी प्रदीप त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। जहां जेल के अंदर जाकर छानबीन शुरू की। होमगार्ड ने अपने साथ मारपीट की जानकारी दी और पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने फरार किशोरों की तलाश के लिए पुलिस लगा दी। जिसमें अभी तक किसी भी किशोर का पता नहीं चला है। वहीं इन तीनों किशोरों के घर पुलिस को दबिश देने के लिए भेजा गया है.

"तीनों किशोर होमगार्ड को लेकर छत पर सूखे हुए कपड़े उतरवाने के लिए लेकर गए थे। जहां होमगार्ड को घेरकर पिटाई की और कपड़ों की रस्सी बनाकर नीचे उतरकर फरार हो गए। तीनों की तलाश की जा रही है। देखा जाए तो प्रोबेशन अधिकारी या फिर किसी भी केयर टेकर का यहां नियंत्रण नहीं है। यही कारण है कि जेल से किशोर फरार हो रहे हैं."
- विकास चंद त्रिपाठी, सीओ सिविल लाइंस