परतापुर के बजौट गांव में एक युवक को चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई और हस्तिनापुर में तीस बीघा जमीन के लिए एक बेटे ने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया।

मर्डर एक
फिरौती न देने पर
व्यापारी का मर्डर

फजामपुर माजरा रोहटा के पूर्व प्रधान और व्यापारी विमल कुमार गोयल की रोहटा में किराना की दुकान है। विमल का भाई कमल भी दुकान पर रहता हैं। विमल के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। कुछ साल पहले विमल अपने परिवार के साथ रोहटा रोड पर टीपी नगर क्षेत्र में रहने लगे थे। मंगलवार को विमल और इनके भाई कमल गोयल ने दुकान खोली थी। दोनों दुकान पर बैठे थे और नौकर अंदर काम कर रहे थे।

कई राउंड फायरिंग
करीब सवा दस बजे एक बाइक पर तीन बदमाश आए। दो नीचे उतरे और एक बाइक को स्टार्ट किए हुए उस पर सवार रहा। इन बदमाशों ने विमल पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। दोनों बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। उसके बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। भागते हुए बदमाशों ने रास्ता साफ करने के लिए गाडिय़ों पर फायरिंग भी की और फरार हो गए। घायल विमल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इससे पहले ही विमल की मौत हो चुकी थी।

छह गोलियां लगीं
विमल को बदमाशों की छह गोलियों लगीं। तीन गोलियां पेट में और तीन हाथ पांव में। हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। वहीं लोगों में इस मर्डर को लेकर गुस्सा भी। लोगों ने सडक़ पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर लोगों को सडक़ से अलग किया। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। मौके से पुलिस ने छह खोखे भी बरामद किए। जिसमें नाइन एमएम और थ्री नॉट थ्री के खोखे हैं।

फिरौती न देने पर हुआ मर्डर
परिजनों के अनुसार विमल गोयल से कुख्यात बदमाश उधम सिंह के शूटर भरतू ने पांच लाख की फिरौती मांगी थी। जो प्रमोद भदौड़ा मर्डर के बाद से फरार चल रहा है और पंद्रह हजार का इनामी बदमाश भी है। भरतू ने यह फिरौती अपने साथी मोनू की जमानत के लिए मांगी थी। जो कुछ दिन पहले दिल्ली में सरेंडर कर जेल चला गया। बताया गया कि जब भरतू एक केस में जेल में था तो उसकी जमानत मोनू ने ही कराई थी। जिसमें एक व्यापारी का मर्डर भी किया गया था। अब भरतू अपने साथी मोनू की जमानत के लिए फिरौती से रकम इकट्ठा कर रहा है।

पुलिस वालों का क्या काम?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब विमल पर बदमाश गोलियां चला रहे थे, तब खिवाई चौकी पर तैनात दो पुलिस वाले सियाराम और अनिल सामने ठेले पर गन्ने का रस पी रहे थे। बदमाश इनके सामने ही व्यापारी को गोली मारकर फरार हो गए। खास बात ये रही कि दोनों पुलिस वाले अपनी बाइक मौके पर ही छोडक़र चौकी पहुंचे। आसपास के लोगों को धमकी भी दी कि कोई इस मर्डर में न पड़े। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों से इन दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने और नौकरी से बर्खास्त करने की मांग की है।

मर्डर टू
लाइनमैन का कत्ल

परतापुर के बजौट गांव में भूषण का परिवार रहता है। भूषण के परिवार में एक लडक़ी है। छह लडक़ों में सबसे बड़ा सोनू था। सोनू विद्युत विभाग में ठेकेदार के साथ लाइनमैन का काम करता था। घर का खर्चा भी उसी में चला रहा था। सोमवार की शाम उसके पास एक कॉल आई और वह घर से थोड़ी देर में आने को कहकर चला गया, लेकिन रात तक भी वह वापस नहीं लौटा।

सुबह मिली बॉडी
सोनू का रातभर कुछ पता नहीं चला। घर वाले उसे खोजते रहे। मंगलवार सुबह बजौट गांव में ही बिजली बंबा बाईपास के पास प्लॉट में दो लड़कियों ने एक बॉडी देखी थी। यह बात युवतियों ने गांव में जाकर बताई। गांव के लोग इकट्ठा होकर मौके पर पहुंचे। देखा तो वह लाश गांव के ही सोनू की थी। जिसके शरीर पर चाकुओं के वार के निशान थे। उसको पहले पीटा गया और फिर चाकुओं से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पुलिस कर रही शिनाख्त
घटना को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बॉडी को सडक़ पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाने के लिए काफी कोशिश की। लाठियां भी भांजी। लोगों ने आश्वासन के बाद ही रास्ता खोला। बताया गया कि पुलिस को सोनू की जेब से मोबाइल मिला है। उस मोबाइल के जरिए कातिल तक पहुंचने की तैयारी है। आखिरी कॉल किसने की थी, कौन कातिल है, इसकी तलाश में पुलिस लग गई है। केस परतापुर थाने में दर्ज हो गया है।

मर्डर थ्री
प्रॉपर्टी के लिए पिता का कत्ल

हस्तिनापुर के बस्तौरा गांव में तेजपाल का परिवार रहता है। उसके पास तीस बीघा जमीन है। जमीन को लेकर उसका बेटा सुभाष बागी हो गया है। कई साल पहले सुभाष ने अपने भाई आशोक को जमीन के लिए मौत के घाट उतार दिया था। काफी सालों तक वह जेल में रहा। अब बाहर आया तो उसने एक बार फिर उसी वारदात को दोहरा दिया। इस बार उसने अपने पिता को निशाना बनाया।

गला घोटकर किया कत्ल
तेजपाल के पास उसके मृतक बेटे अशोक की पत्नी व उसके बच्चे रहते थे। सोमवार को जब सभी लोग खाना खाकर सो गए, तब तेजपाल का बेटा सुभाष घर पहुंचा था। उसने अपने बाप को मौका पाकर मौत के घाट उतार दिया। सुबह हुई तो चारपाई पर पड़े तेजपाल को उठाने की कोशिश की गई लेकिन वह मर हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तेजपाल की बॉडी को मोर्चरी भेजा। वहीं आरोपी सुभाष की खोजबीन की जा रही है।