इस गोलीकांड के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। घटना बुधवार की देर रात की है। घटना के बाद से ही इन लड़कियों की सौतेली मां फरार है, जबकि उनके पिता दो दिन पहले ही अपनी नौकरी पर चले गए थे। फतुहा थाना के कोलहा गांव में राघो प्रसाद सीआईएसएफ में नौकरी करते हैं। उनकी पोस्टिंग फिलहाल धनबाद में है। पत्नी सुधा की मौत के कुछ महीने बाद ही उसने शादी रचा ली। राघो की तीनों बेटियों ने इसका विरोध किया। पुलिस की मानें तो इसके बाद से ही राघो और उसकी पत्नी से तीन बेटियों का संबंध खराब होने लगा। इस घटना को लोग इससे ही जोड़कर देख रहे हैं।

किसी ने नहीं देखा
रात में गोली लगने के बाद सोनी कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी जबकि गुडिय़ा की मौत पीएमसीएच में हुई। छोटी बेटी पूनम गंभीर रूप से घायल है। पूनम को पीएमसीएच लेकर आने वाले उसके पड़ोसी अशोक कुमार ने बताया कि हम लोगों को पता भी नहीं चला। जब गोली चली तो रात में दौड़े। घटना 12 बजे रात के बाद की है। गुडिय़ा को प्रशासन के लोग लेकर पीएमसीएच आये थे। पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है। हर स्तर पर पड़ताल की जा रही है लेकिन सौतेली मां के फरार होने के कारण शक की सुई उसपर ही टिकी है।