- पारा के गायत्रीपुरम स्थित खाली प्लाट में बोरे में बंद मिला शव

LUCKNOW :

पारा इलाके में रहने वाले एक पेंटर की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। पेंटर के शरीर के पांच टुकड़े कर उसके अ‌र्द्धनग्न शव को एक बोरे में रखकर गायीत्रपुरम इलाके में नाली के किनारे फेंक दिया गया। परिजनों ने इस मामले में एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

शुक्रवार को घर से निकला था

सीओ आलमबाग संजीव सिन्हा ने बताया कि पारा के रामविहार कॉलोनी में पेंटर राजकुमार चौरसिया (40) परिवार के साथ रहता था। राजकुमार शुक्रवार रात करीब 8 बजे घर से निकला था। जिसके बाद से ही वह लापता था। शनिवार की सुबह करीब 6 बजे पारा के गायत्रीपुरम इलाके में लोगों ने नाली के पास खून से सना हुआ एक बोरा देखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला तो पुलिस के होश उड़ गये। बोर में एक 40 वर्षीय युवक का अ‌र्द्धनग्न शव पांच हिस्सों में कटा हुआ था। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव की शिनाख्त करने की कोशिश की पर शिनाख्त नहीं हो सकी। छानबीन के बाद पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फोटो देख परिजनों ने की पहचान

पारा पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मच्र्युरी भेज चुकी थी। इस बीच राजकुमार के परिजनों को जब पता चला कि गायत्रीपुरम इलाके में बोरे में एक युवक का शव मिला है। इसके बाद राजकुमार के परिवार के लोग पारा पुलिस के पास पहुंचे और राजकुमार के गायब होने की बात बताई। पुलिस ने जब बोरे में मिले शव की फोटो दिखायी तो परिवार वालों ने शव की पहचान राजकुमार के रूप में की। शव की शिनाख्त के बाद पुलिस परिवार के लोगों को लेकर मच्र्युरी पहुंची।

कॉलोनी का लड़का बुलाकर ले गया था

राजकुमार के परिजनों ने हत्या का आरोप कॉलोनी में ही रहने वाले युवक अंशू पर लगाया है। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार की रात अंशू ही राजकुमार को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। शुरुआती छानबीन में पुलिस को पता चला है कि राजकुमार सट्टा खेलता था। आशंका है कि सट्टे को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो सकता है और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है।

कहां गये शरीर के कपड़े व अन्य सामान

छानबीन कर रही पुलिस का मानना है कि राजकुमार हत्या कहीं और की गई है। हत्या के बाद आरोपियों ने उसके शव को जूट और प्लास्टिक के बोरे में बंद करके गायत्रीपुरम इलाके में फेंक दिया। राजकुमार के शरीर पर मौजूद कपड़े व अन्य सामान गायब हैं। पुलिस का मानना है कि हत्यारों ने या तो उसके कपड़े व सामान गायब कर दिया या फिर जहां उसकी हत्या की गई कपड़े व सामान वहां मौजूद हो सकते हैं।

सीडीआर खंगाल रही पुलिस

इस मामले में पुलिस रुपये के लेनदेने के अलावा आशनाई के एंगल को लेकर भी छानबीन कर रही है। राजकुमार की जिस तरह हत्या की गई और उसका अ‌र्द्धनग्न शव मिला, वह इस बात को साफ दर्शाता है कि हत्या बहुत गुस्से और बेरहमी में की गई। पुलिस का मानना है कि इस तरह की हत्या अधिकतर आशनाई और अवैध संबंध के चलते की जाती हैं। पुलिस पेंटर के मोबाइल फोन की डिटेल भी खंगाल रही है।

पेंटर की हत्या में उसके करीबी शामिल हैं। उसकी संगत कुछ संदिग्ध लोगों को साथ थी। इस मामले में पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही मर्डर केस का खुलासा कर हो जाएगा।

- संजीव सिन्हा, सीओ आलमबाग