- वन क्षेत्राधिकारी फरेंदा ने पांच नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ कैंपियरगंज थाने में केस दर्ज

CAMPIERGANJ: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के मूसाबार के बड़ुलिया टोला पर लकड़ी चोरी की जांच करने पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी फरेंदा और फारेस्टर को दर्जनभर लोगों ने बंधक बना लिया। आरोप है कि उन लोगों ने दोनों अधिकारियों की पिटाई की। प्राथमिक उपचार के बाद घायल सीओ को कैंपियरगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में सीओ ने कैंपियरगंज थाने में पांच नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

घर में बंद किया

वन क्षेत्राधिकारी फरेंदा लक्ष्मण सिंह यादव और फारेस्टर गामा प्रसाद रविवार को बड़ुलिया में लकड़ी चोरी मामले की जांच करने पहुंचे। गांव निवासी लकड़ी कारोबारी जैसराम पुत्र मुन्नी लाल, मनोज, सुभेष, राजेश, सोनू व अन्य छह लोगों पर आरोप है कि उन लोगों ने दोनों अधिकारियों को घर में बंद कर दिया। उनके साथ मारपीट की। स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में दोनों अधिकारियों का इलाज कराया गया। सीओ को गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें डॉक्टर ने कैम्पियरगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला पंचायत सदस्य की धौंस

लकड़ी कारोबारी जैसराम की पत्‍‌नी जिला पंचायत सदस्य है। आरोप है कि वह अपने घर में जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों को इसका धौंस दिखाने लगा। विरोध करने पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अधिकारियों को कमरे में बंद कर दिया और पिटाई की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।