रांची : तितली तूफान का असर रांची सहित झारखंड में शनिवार को समाप्त हो जाएगा। हालांकि शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, कहीं-कहीं छिटपूट बारिश होने की संभावना है। 14 अक्टूबर से आसमान साफ व मौसम शुष्क रहेगा। बारिश के कारण पूजा पंडाल एवं मूर्ति निर्माण में काफी परेशानी हुई। रेलवे स्टेशन सहित कई पंडालों को तिरपाल से ढंका गया। पूजा समितियों के लिए एक-एक दिन काफी महत्वपूर्ण है। वैसे रविवार से मौसम साफ हो जाने की संभावना है।

एनएच-33 की मरम्मत रुकी

रांची-महुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 33 की मरम्मत पर तितली तूफान की काली छाया पड़ गई है। जमशेदपुर और उसके आसपास भारी बारिश की वजह से मरम्मत का काम बाधित हो गया है। शुक्रवार को एनएच 33 पर जमशेदपुर से कांदरबेड़ा तक मरम्मत का टेंडर लेने वाली कंपनी जयमाता दी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की एक भी गाडि़यां नहीं नजर आईं।

रांची में दिनभर होती रही बारिश

शुक्रवार को तूफान का आंशिक असर रांची में देखने को मिला। आसमान में बादल छाए रहे, दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। शहर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। ठंडी हवा चलने से दिन के सामान्य तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिस कारण दिन में ठंड का एहसास हुआ। इस दौरान रांची में 7.4 एमएम, जमशेदपुर में 10.2 एमएम, मेदिनीनगर में 4.2 एमएम बारिश दर्ज किया गया।