JAMSHEDPUR: टाटा कॉलेज चाईबासा के मैदान में मंगलवार को कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) का तीसरा कॉन्वोकेशन होगा। चीफ गेस्ट होंगी चांसलर सह गवर्नर द्रौपदी मुर्मू। केयू के इतिहास में पहली बार कॉन्वोकेशन पूरी तरह भारतीय परिधान में होगा। इसमें झारखंडी लुक को भी शामिल किया गया है। कॉन्वोकेशन में पहली बार स्टूडेंट्स के साथ-साथ केयू के अधिकारी भी ड्रेस कोड में नजर आयेंगे। इसमें वर्ष 2015 व 2016 में उलीर्ण विद्यार्थियों को ही डिग्री का प्रमाण पत्र मिलेगा। इसमें 67 टॉपर छात्रों को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। केयू के कॉन्वोकेशन में शामिल होने के लिए 3134 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पंडाल में 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। समारोह में पीएचडी के 30 शोधार्थी को भी अवार्ड प्रदान किया जायेगा। विवि में पहला मौका होगा जब पीएचडी करने वाले शोधार्थी को चांसलर के हाथों सम्मान मिलेगा।

80 प्रतिशत निबंधित स्टूडेंट्स ने लिया परिधान

कॉन्वोकेशन के लिए बने टाटा कॉलेज चाईबासा के काउंटर से 80 प्रतिशत छात्रों ने सोमवार को परिधान हासिल किया। सुबह 9 बजे पंडाल का मुख्य गेट खोल दिया जायेगा। पंडाल और हैलीपैड का निरीक्षण चाईबासा के डीसी अरवा राजकमल, एसपी अनीश गुप्ता, केयू की वीसी डॉ। शुक्ला माहांती ने किया। इसके बाद समारोह स्थल का भी निरीक्षण किया गया। कॉन्वोकेशन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यपाल का स्वागत झारखंडी परंपरा के अनुसार किया जायेगा। टाटा कॉलेज मैदान में तैयार पंडाल के चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। पंडाल के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। इसमें 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। विवि की ओर से पंडाल में प्रवेश के लिए सभी डिग्री धारियों को पास निर्गत किया जायेगा। बिना पास का पंडाल में प्रवेश वर्जित रहेगा। पास में ही डिग्रीधारी के टेबल का नंबर भी अंकित है।

कोल्हान विश्वविद्यालय ने दीक्षा समारोह को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली है। मेडल और डिग्री प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को दिशा-निर्देश जारी किया जा चुका है। तीसरा दीक्षा समारोह कई मायने में एतिहासिक है।

-डॉ। शुक्ला माहांती, वीसी, केयू