-घंटाघर और रेलवे रोड चौराहे पर लगाया जाम

-सर्राफा व्यापारियों ही हड़ताल 25वें दिन भी जारी

Meerut : सर्राफा व्यापारियों ने भाजपा का विरोध करते हुए नील की गली से घंटाघर तक रैली निकाली। घंटाघर पर पहुंचकर व्यापारियों ने जाम लगा दिया। उसके बाद व्यापारी रेलवे रोड पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। दिल्ली के आह्वान पर व्यापारियों ने नेशनल हाइवे 58 को जाम करने का निर्णय लिया है।

परतापुर पर लगाएंगे जाम

सर्राफा कारोबारी सोमवार सुबह 10 बजे नील की गली में एकत्र होंगे। उसके बाद मोटर साइकल, स्कूटर व कार से परतापुर पहुंचेगे। सुबह 11 बजे से परतापुर दिल्ली देहरादून हाइवे पर जाम लगाएंगे।

जाम से हो सकती है परेशानी

दिल्ली से मेरठ या फिर देहरादून की ओर जाने वाले और मेरठ से गाजियाबाद, देहरादून की ओर से दिल्ली जाने वाले मुसाफिरों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ेगा। इसीलिए सोच समझकर ही घर से निकले।

बैठक में हुआ निर्णय

रविवार को सुबह सर्राफा एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें भाजपा का विरोध करने और सोमवार को नेशनल हाइवे 58 को जाम करने का निर्णय लिया गया। महामंत्री दिनेश रस्तौगी ने कहा कि देशव्यापी हड़ताल के बाद भी केंद्र सरकार के कानो पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अभी तक वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस संबध में कोई भी समाधान करने का निर्णय नहीं लिया है। एक्साइज डयूटी वापस होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

अरबों का कारोबार ठप

एक्साइज डयूटी हटाने के विरोध में 25 दिन से हड़ताल सर्राफा कारोबारी हड़ताल पर हैं। इन 25 दिन में सर्राफा बाजार का दो अरब से ज्यादा का कारोबार ठप हो चुका है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान कारीगर और छोटे व्यापारियों का हो रहा है।