- फर्श धंसने के चलते शौचालय पर चल रहा था काम

- दीवार खुदाई के दौरान हादसा, मौके पर पहुंचे अफसर

आगरा। थाना रकाबगंज के नाला काजीपाड़ा में सार्वजनिक शौचालय की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। शौचालय में काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला जा सका। तीनों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई गई है।

खुदाई के दौरान गिरी दीवार

शिवाजी मार्केट के बराबर से काजीपाड़ा में शौचालय है। शौचालय का फर्श धंस गया था। 15-20 दिनों से मजदूर काम कर रहे थे। शुक्रवार करीब सात मजदूर काम पर लगे हुए थे। दोपहर में तीन मजदूर दीवार के बराबर से खुदाई कर रहे थे। अचानक से दीवार भरभरा कर नीचे आ गई। इस दौरान पास से गुजर रही क्षेत्रीय निवासी कमला ने मजदूरों की चीख सुनकर शोर मचा दिया। लोगों ने मौके की ओर दौड़ लगा दी। मलबा हटाना शुरू कर दिया। मजदूरों को बाहर निकाला। एक मजदूर की हालत अधिक गंभीर बताई गई। तीनों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।

मौके पर पहुंचा कई थानों का फोर्स

मलबे में कई मजदूरों के दबने की सूचना पर थाना रकाबगंज, छत्ता, ताजगंज, मंटोला आदि थानों का फोर्स पहुंच गया। एडीएम सिटी केपी सिंह पहुंच गए। लोगों ने बताया कि पीछे जो बिल्डिंग है, उसका पानी शौचालय के पीछे गिरता है। दीवार के बराबर से मलबा भी पड़ा रहता था। लगातार पानी गिरने से दीवार कमजोर हो गई। माना जा रहा है कि मलबे के वजन से कमजोर दीवार नीचे आ गई। दीवार गिरने से शौचालय का लेंटर भी गिर गया।