ALLAHABAD: डीएम ने गांवों में स्वच्छता अभियान में तेजी लाने के लिए ग्राम प्रधानों को जागरूक करने का नया प्लान बनाया है। इसके तहत सोमवार को जिले के सभी प्रधानों को जिला प्रशासन की ओर से फ्री में 'टॉयलेट' फिल्म दिखाई जाएगी। इसके तहत स्वच्छता अभियान की शुरुआत रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई। डीएम संजय कुमार के निर्देश पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। डीएम ने नगर आयुक्त को सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा-पान थूकने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। इन स्थानों पर शौच करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए कहा। ग्राम प्रधानों को गांव में टायलेट बनवाने के लिए प्रेरित करने हेतु सोमवार सुबह 9:30 बजे से राजकरन पैलेस में 'टॉयलेट-एक प्रेम कथा' मूवी दिखाने का फैसला किया है। कलेक्ट्रेट में अभियान एडीएम आपूर्ति अमरपाल सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।