- नवाबगंज टोल प्लाजा में टैक्स मांगने पर कर्मचारियों की पिटाई, केबिन में तोड़फोड़

- किसान मंच कार्यकर्ताओं का निकल रहा था जुलूस, टैक्स मांगने पर खोया आपा

- रौब कायम करने के लिए खुलेआम असलहों से की गई जमकर हवाई फायरिंग

UNNAO: लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवाबगंज के निकट टोल प्लाजा पर एक बार फिर टैक्स न देने और वसूली का दबाव बनाने पर बवाल हो गया। टोल टैक्स न देने पर अड़े किसान मंच के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी की एक न सुनी और दबाव बनता देख तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर कर्मचारियों को भी जमकर मारा पीट। रुतबा कायम करने के लिए हमलावर बने कथित कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग पर खुलेआम हवाई फायरिंगकर दहशत फैला दी। घटना से कुछ समय के लिए दोनों तरफ का यातायात ठहर गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले दबंग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस छानबीन कर वापस लौट आई।

तीन कर्मचारी घायल

रविवार को किसान मंच के नेता शेखर दीक्षित को कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में टोल प्लाजा से वाहनों से गुजरते हुए कानपुर की तरफ लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे टोल पर पहुंचे तो टोल बैरियर पर लगे कर्मचारियों ने टोल टैक्स मांगा। यह सुनते ही उन लोगों ने आपा खो दिया। कार्यकताओं ने टोल बैरियर के केबिन आदि पर मौजूद कर्मचारियों को मारा पीटा और तोड़फोड़ की। मारपीट में टोल कर्मचारी सूरज शर्मा, मानिक चंद, भानू प्रताप घायल हो गए।

दर्जनों की संख्या में थे कार्यकर्ता

टोल प्लाजा पर मारपीट की सूचना पर पहुंचे अजगैन पुलिस जांच पड़ताल कर वापस आ गयी। टोल प्लाजा के मैनेजर सर्वेश शर्मा ने बताया कि दर्जनों की संख्या में किसान मंच के कार्यकर्ता यूपी 32 एफडब्लू 1600 व यूपी 32 सीडी 1600 सहित कई गाडि़यों से पहुंचे। कर्मचारियों ने टोल टैक्स मांगा, यह सुनते ही वह लोग भड़क गए। तीन कर्मचारियों को बुरी तरह पीट दिया। इसके साथ ही टोल वसूली के लिए बने काउंटर नंबर पांच पर तोड़फोड़ कर दी। तोड़फोड़ में लगभग 20 हजार का नुकसान हुआ।

किसी ने नहीं दी तहरीर

घटना के बारे में अजगैन थाना निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि टोल टैक्स पर बवाल होने की सूचना मिली थी। जिस पर मौके पर जाकर देखा गया। कुछ लोगों ने वहां तोड़ फोड़ की थी, अभी तक किसी ने इस मामले में तहरीर

नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।