किताबों के बगैर हुई पढ़ाई पर कठिन सवालों की झड़ी

परिषदीय स्कूल के बच्चों के स्टैण्डर्ड से हाई रहा क्वैश्चन पेपर

ALLAHABAD: जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति के बारे में सभी जानते हैं। आधा सत्र बीतने के बाद भी बच्चों को पुस्तकें नहीं मिल सकी हैं। बिना किताबों के अधूरी पढ़ाई के बीच ही शुक्रवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा के दौरान जो प्रश्न पत्र बच्चों को दिए गए हैं, उनका स्टैण्डर्ड कांवेंट स्कूलों के स्टैण्डर्ड को टक्कर दे रहा है। इसे देखकर टीचर्स भी हैरान हैं।

सिलेबस के बाहर के सवाल

परिषदीय स्कूलों में शुरू अर्ध वार्षिक परीक्षा में कई क्लास के प्रश्नपत्रों में सिलेबस के बाहर के प्रश्न पूछे गए हैं। शुक्रवार को हिन्दी के पेपर के दौरान क्लास फिप्थ व थर्ड में कुछ प्रश्न सिलेबस के बाहर के रहे। शनिवार को हुई इंग्लिश के प्रश्नपत्र में पूछे गए सवाल भी काफी हाई स्टैण्डर्ड के थे। यह हाल तब है जब अभी तक स्कूलों में बिना किताबों के ही पढ़ाई चल रही थी। टीचर्स भी मानते हैं कि अभी तक बच्चों के पास किताबें नहीं हैं। उन्हें बिना किताबों के पढ़ाया जा रहा था। कई स्कूलों में टीचर्स को बच्चों को प्रश्न समझने और उसे सॉल्व करने में मदद करनी पड़ी। इस बार अर्धवार्षिक परीक्षा के लिए डायट में प्रश्नपत्र तैयार कराए गए। डायट में पढ़ने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों ने प्रश्न पत्र तैयार किया।