- राजस्व दल, वन विभाग और आपदा प्रबंधन टीम भैंसियाताल रवाना

PITHORAGARH: बागेश्वर से पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तक पैदल ट्रैकिंग पर आ रहे दिल्ली के 11 पर्यटक भैंसियाताल में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही मुनस्यारी से राजस्व दल, वन विभाग और आपदा प्रबंधन टीम रवाना हो चुकी है। बागेश्वर से दिल्ली के 11 ट्रैकरों का दल पैदल मुनस्यारी को आ रहा है।

दल के सदस्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं

मंगलवार की सायं दल खलियाटाप से लगभग चार किमी दूर भैंसियांताल के पास मार्ग भटक गया। दल के किसी सदस्य द्वारा इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। इस सूचना पर प्रशासन ने मुनस्यारी प्रशासन को संदेश भेजा। सूचना मिलते ही मुनस्यारी से राजस्व निरीक्षक कमल उपाध्याय के नेतृत्व में वन विभाग, आपदा रेस्क्यू दल मौके को रवाना हुआ है। दल में शामिल सदस्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जिस स्थल पर दल फंसा है वहां पर दो फीट से अधिक बर्फ है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर मुनस्यारी के बलाती से यहां की दूरी 12 किमी है। भैसियांताल टै्रक ऑफ दि इयर मिलम का एक प्वाइंट रहा है। यह क्षेत्र दुर्गम और कठिन है इस समय यहां पर बर्फ रहती है। यह क्षेत्र संचार विहीन भी है। जिसके चलते फंसे ट्रैकर की लोकेशन का भी पता नहीं चल पा रही है।